जोधपुर, 16 जुलाई (भाषा) अजमेर से अपने प्रेमी के साथ गई एक नाबालिग लड़की से रविवार को जोधपुर में उसके प्रेमी के सामने तीन लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपायुक्त अमृता दुहन ने दर्ज मामले के आधार पर बताया कि आरोपियों ने सुबह करीब चार-साढ़े चार बजे जेएनवी विश्वविद्यालय के पुराने परिसर के हॉकी मैदान में नाबालिग लड़की के प्रेमी की पिटाई की और फिर लड़की के साथ बलात्कार किया।
उन्होंने कहा कि युवक और करीब 17 वर्षीय लड़की के बीच प्रेम संबंध में थे तथा वे अजमेर से शनिवार रात करीब 10.30 बजे बस के जरिए जोधपुर पहुंचे। अधिकारी ने बताया कि कमरा लेने के लिए वे एक गेस्ट हाउस में गए जहां गेस्ट हाउस के संचालक सुरेश ने उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि इसके बाद वे वहां से पावटा चौराहा गए।
दुहन ने बताया कि जब वे पावटा चौराहे के पास बैठे थे, तब समंदर सिंह भाटी, धर्मपाल सिंह और भट्टम सिंह (उम्र 20-22 वर्ष) नामक तीन युवक उनके पास आए और उन्हें भोजन एवं कोल्ड ड्रिंक की पेशकश की।
उन्होंने बताया कि सुबह लगभग चार बजे वे उन्हें रेलवे स्टेशन जाने के बहाने रेलवे लाइन के किनारे एक सुनसान सड़क पर ले गए और फिर जबरन उन्हें पुराने जेएनवीयू परिसर स्थित हॉकी मैदान में ले गए। दुहन ने कहा कि वहां युवक को बंधक बना लिया गया और युवती के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब पांच बजे सूचना मिलने के बाद खोजी कुत्ते, एफएसएल टीम के साथ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को गणेशपुरा पर्वतीय क्षेत्र में खोजा गया। पुलिस से बचने के प्रयास में भागने से आरोपी गिर गए और उनके पैरों में चोट आई।
अधिकारी ने बताया कि तीन आरोपियों को सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और गेस्ट हाउस संचालक को दुर्व्यवहार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि एक ही प्राथमिकी में दोनों घटनाओं का जिक्र किया गया है।
अधिकारी ने कहा कि मामले में एक सप्ताह के भीतर आरोपपत्र दाखिल कर दिया जाएगा।
भाषा कुंज
दिलीप नेत्रपाल
नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
