नयी दिल्ली, सात मार्च (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को आफताब अमीन पूनावाला के खिलाफ आरोपों पर दलीलें सुनीं, जिस पर अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा वालकर की हत्या करने और उसके शरीर के टुकड़े-टुकड़े करने का आरोप है।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश मनीषा खुराना कक्कड़ ने कहा कि आरोपों पर दलीलें सुन ली गई हैं और अभियोजन पक्ष द्वारा एक संक्षिप्त विवरण दायर किया गया है।
न्यायाधीश कक्कड़ ने कहा कि विधिक सहायता प्रदान करने वाले वकील ने आरोप पर शेष दलील रखने के लिये 20 मार्च को अपराह्न दो बजे का समय मांगा है।
विशेष लोक अभियोजक अमित प्रसाद ने पूनावाला के खिलाफ आरोपों पर दलीलें रखीं, जबकि अधिवक्ता जावेद हुसैन आरोपी की तरफ से पेश हुए।
इससे पहले 21 फरवरी को एक मजिस्ट्रेट अदालत ने मामले में दायर आरोप पत्र पर संज्ञान लेते हुए इसे (मामले को) सत्र अदालत को सौंप दिया था। पुलिस ने 24 जनवरी को मामले में 6,629 पन्नों का आरोप पत्र दाखिल किया था।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
