शिलांग, 10 जनवरी (भाषा) मेघालय के पश्चिम गारो हिल्स जिले में एक अवैध पत्थर खदान के पास भीड़ द्वारा एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने के बाद तनाव व्याप्त है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि पुलिस ने रात भर छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि अवैध पत्थर खदान के मालिकों को पकड़ने के लिए तलाश शुरू की गई है, जिनके इस घटना के पीछे होने का संदेह है।
उसने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए राजाबाला और आसपास के इलाकों में छापेमारी जारी है।
पश्चिम गारो हिल्स के एसपी अब्राहम टी संगमा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना शुक्रवार दोपहर तब हुई जब एक स्थानीय गैरसरकारी संगठन (एनजीओ) के सदस्य अवैध गतिविधियों की पुष्टि करने खदान पर गए थे।
उन्होंने बताया कि एनजीओ के कुछ सदस्य वहां से बच निकलने में सफल रहे और पुलिस को सूचित किया।
एसपी के अनुसार, पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां दो वाहन और गंभीर रूप से घायल युवक मिला, जिसकी बाद में मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि एक अन्य घायल उपचाराधीन है।
एसपी ने बताया कि पुलिस ने अब तक तीन गिरफ्तारियां की हैं और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा ने इस ‘जघन्य कृत्य’ की कड़ी निंदा की और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने दोषियों के विरुद्ध कानून के तहत कार्रवाई का भरोसा देते हुए शांति बनाए रखने की अपील की है।
इस बीच, राजाबाला और आसपास के इलाकों में शनिवार को सन्नाटा पसरा रहा और बाजार बंद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
भाषा सुमित नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
