शिलांग, 26 जनवरी (भाषा) मेघालय के राज्यपाल बी.डी. मिश्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य अप्रैल में जी-20 देशों की बैठक की मेजबानी करेगा, जिसमें इस बात पर चर्चा की जाएगी कि कैसे अंतरिक्ष साझेदारी देशों की अर्थव्यवस्था में योगदान दे सकती है।
भारत ने इस प्रभावशाली समूह की अपनी वार्षिक अध्यक्षता के दौरान देश भर में लगभग 200 बैठकों की मेजबानी करने का निर्णय लिया है।
यहां पोलो मैदान में गणतंत्र दिवस परेड को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा, ‘‘जी20 कार्यक्रम के तहत शिलांग 17-18 अप्रैल को ‘अंतरिक्ष-20’ कार्यक्रम की मेजबानी करेगा।’’
उन्होंने कहा कि 2020 में जी20 देशों की राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसियों द्वारा आयोजित बैठक को आगे बढ़ाते हुए अप्रैल में यहां बैठक होगी।
राज्यपाल ने कहा कि अंतरिक्ष संबंधी अर्थव्यवस्था को जी-20 शिखर सम्मेलन का एक औपचारिक एजेंडा बनाने के लिए बैठक शुरू की गई थी ताकि इस बात पर चर्चा की जा सके कि अंतरिक्ष साझेदारी जी20 देशों की अर्थव्यवस्था के विकास में कैसे योगदान दे सकती है।
मेघालय में कानून-व्यवस्था की सराहना करते हुए मिश्रा ने कहा कि एचएनएलसी समेत सशस्त्र उग्रवादी समूहों से वार्ता शुरू की गई है और केंद्र सरकार से इसमें समर्थन मिल रहा है।
मिश्रा ने कहा कि ऐतिहासिक घटनाक्रम के तहत एचएनएलसी ने भारत के संविधान की रूपरेखा के तहत बिना शर्त वार्ता की इच्छा जताई है।
भाषा
शफीक पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
