scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशसामूहिक विवाह समारोह महिलाओं के सशक्तीकरण व उज्ज्वल भविष्य की सशक्त पहल: रेखा गुप्ता

सामूहिक विवाह समारोह महिलाओं के सशक्तीकरण व उज्ज्वल भविष्य की सशक्त पहल: रेखा गुप्ता

Text Size:

नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को यहां जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित 51 जोड़ों के सामूहिक विवाह समारोह को महिलाओं के सशक्तीकरण और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत पहल बताया।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) से जारी एक बयान के मुताबिक, गुप्ता ने कहा कि समाज के सक्षम वर्ग और जरूरतमंद परिवारों को जोड़ने का यह प्रयास सामाजिक समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

उन्होंने कहा, “यह आयोजन केवल विवाह नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान, सशक्तीकरण और उनके उज्ज्वल भविष्य की सशक्त पहल है। इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ बेटियों के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करते हैं।”

बयान में कहा गया है कि इस अवसर पर 51 आईएएस और आईपीएस अधिकारियों ने स्वयं युवतियों का कन्यादान और पाणिग्रहण संस्कार संपन्न कराया।

इसके मुताबिक, आध्यात्मिक गुरु जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज की मौजूदगी में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित हुआ जिसमें पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उनकी पत्नी सविता कोविंद एवं केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे आदि उपस्थित रहे।

इसमें कहा गया है कि नई जीवन-यात्रा की सशक्त शुरुआत के लिए हर कन्या को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई ताकि वह अपने विवाह के बाद आत्मनिर्भर जीवन की ओर मजबूती से कदम बढ़ा सके।

बयान के अनुसार, विवाह के बाद उनके कौशल विकास एवं रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने के लिए एक लाख रुपये तक का प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा।

इसमें कहा गया है, “बेटियों की शिक्षा निरंतर जारी रहे, इस सोच के साथ प्रत्येक कन्या को लैपटॉप और ई-शिक्षा सामग्री प्रदान की गई, जिससे वे डिजिटल माध्यमों से अपनी पढ़ाई को आगे बढ़ा सकें। साथ में महिलाओं को साढ़े सात लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा तीन वर्षों के लिए उपलब्ध कराया गया है। ”

भाषा नोमान नोमान रंजन

रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments