चंडीगढ़, 10 मई (भाषा) पंजाब के पठानकोट जिले में शनिवार को विस्फोट जैसी आवाजें सुनाई देने के बाद अलर्ट जारी कर दिया गया तथा स्थानीय अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र के बाजारों को बंद करने का आदेश दिया।
तनाव भरी रात के बाद पठानकोट और जालंधर जिलों में लोग सुबह बम फटने जैसी आवाजों से जागे, जबकि भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष में तीव्र बढ़ोतरी के बीच होशियारपुर, अमृतसर और फिरोजपुर में हवाई सायरन बजने लगे।
पंजाब की पाकिस्तान से लगी सीमा की लंबाई 532 किलोमीटर है।
अधिकारियों ने बताया कि पठानकोट में जिला प्रशासन ने एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है, जो लोगों की सुविधा के लिए 24 घंटे काम करेगा।
पठानकोट के उपायुक्त आदित्य उप्पल ने लोगों से आग्रह किया है कि यदि आसमान से कोई भी सामग्री या वस्तु गिरती है तो वे नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें या नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।
उप्पल ने कहा, ‘‘यह देखा गया है कि कुछ लोग ऐसी वस्तुएं उठा लेते हैं और अपने साथ ले जाते हैं, जो खतरनाक साबित हो सकती हैं।’’ उन्होंने ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
उन्होंने लोगों से यह भी कहा कि यदि ऐसी कोई सामग्री जमीन पर पड़ी मिले तो वे न तो उसके पास जाएं और न ही उसे छुएं।
अधिकारियों ने बताया कि पठानकोट के अलावा शनिवार सुबह जालंधर जिले में भी लोगों ने विस्फोट जैसी आवाजें सुनीं, जबकि होशियारपुर, अमृतसर और फिरोजपुर में हवाई सायरन बजने लगे।
हरियाणा के सिरसा में भी कुछ स्थानीय लोगों ने दावा किया कि उन्होंने आधी रात के बाद विस्फोट जैसी आवाजें सुनीं।
अधिकारियों ने बताया कि जालंधर जिले के कंगनीवाल गांव में एक अज्ञात मिसाइल एक रिहायशी इलाके में गिरी।
सिरसा के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आधी रात के बाद एक गांव के खेतों में एक अज्ञात धातु की वस्तु का मलबा गिरा। एक ग्रामीण ने बताया, ‘‘हम सो रहे थे, तभी हमे तेज आवाज सुनाई दी। सुबह हमने देखा कि खेतों में धातु की कोई वस्तु गिरी थी। बाद में सैन्यकर्मी आए और मलबे को उठाया।’’
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार तड़के जालंधर जिले के कंगनीवाल गांव में एक अज्ञात वस्तु रिहायशी इलाके में गिरी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस घटना में एक प्रवासी श्रमिक घायल हो गया, जबकि क्षेत्र के कुछ घरों को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि अज्ञात वस्तु के कुछ हिस्से क्षेत्र में पड़े हुए थे।
इलाके की एक महिला ने बताया, ‘‘मैं खिड़की के पास खड़ी थी तभी देर रात करीब डेढ़ बजे कोई चीज पानी की टंकी (घर की) से टकराई, जिससे चार से पांच घरों के शीशे टूट गए।’’
उन्होंने बताया कि एक प्रवासी मजदूर के हाथ में चोट आई है, जिसे अस्पताल ले जाया गया।
स्थानीय निवासी सतिंदर कुमार ने कहा, ‘‘हमारे घर की पानी की टंकी को नुकसान पहुंचा है, जबकि कई खिड़कियों के शीशे टूट गए। चारों तरफ धुआं ही धुआं था।’’
एक अन्य स्थानीय निवासी मुस्कान ने भी कहा कि रात में एक बड़ा विस्फोट हुआ, जिसके कारण कई लोग अपने घरों से बाहर आ गए। उन्होंने कहा, ‘‘एक कार क्षतिग्रस्त हो गई…हम सभी डर गए।’’
सुरजीत कौर ने कहा कि आसमान में लाल रंग की रोशनी चमकी, जिसके बाद एक बड़ा विस्फोट हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘इलाके के कुछ अन्य घरों की पानी की टंकियों को भी नुकसान पहुंचा है।’’
जालंधर के उपायुक्त हिमांशु अग्रवाल ने एहतियाती उपायों के तहत लोगों से बड़े आयोजन या भीड़भाड़ से बचने का आग्रह किया है।
उन्होंने लोगों से बाहर निकलने और ऊंची इमारतों में जाने से बचने का भी आग्रह किया, साथ ही जालंधर छावनी और आदमपुर में बाजार बंद करने का आदेश दिया।
उपायुक्त ने लोगों से शांति बनाए रखने का अनुरोध करते हुए कहा, ‘‘जिले के बाकी हिस्सों में मॉल और ऊंची व्यावसायिक इमारतें आज बंद रहेंगी।’’
फगवाड़ा की अतिरिक्त उपायुक्त अक्षिता गुप्ता ने कहा कि शनिवार को फगवाड़ा शहर में मेडिकल स्टोर को छोड़कर सभी बाजार बंद रखने का परामर्श जारी किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जिले के बाकी हिस्सों में मॉल और व्यावसायिक इमारतें भी बंद रहेंगी।
कपूरथला में भी शनिवार को सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। अधिकारियों ने बताया कि अमृतसर, जालंधर, फिरोजपुर, पठानकोट और तरनतारन जिलों के ब्यास में कुछ स्थानों पर अज्ञात वस्तुओं के मलबे पाए गए।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार तड़के फगवाड़ा जिले के खलयान और साहनी गांवों के बीच एक खेत में एक अज्ञात वस्तु गिरी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह 2.40 बजे साहनी की ओर खलयान गांव में मेजर सिंह के खेतों में धमाके जैसी आवाज सुनी गई।
अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात वस्तु के टकराने से खेत में लगभग 7-8 फीट गहरा और 12-14 फीट चौड़ा गड्ढा बन गया।
इसी तरह, शनिवार तड़के गुरदासपुर जिले के छिछरा गांव में एक अज्ञात मिसाइल खेत में गिरी जिससे वहां गड्ढा हो गया।
यह हमला शुक्रवार को दूसरी रात पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर से लेकर गुजरात तक भारत में 26 स्थानों को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन हमलों के बाद किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा बलों ने फिरोजपुर, पठानकोट, फाजिल्का और अमृतसर जिलों में पाकिस्तान द्वारा दागे गए कई ड्रोन हमलों को विफल कर दिया है।
भारतीय वायु रक्षा प्रणाली द्वारा नष्ट किए गए पाकिस्तानी ड्रोन से निकली मिसाइल का कुछ हिस्सा शुक्रवार रात फिरोजपुर के ‘खाई फेमे की’ गांव में एक घर पर गिर गया जिससे एक परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। इसके अलावा, घर और एक कार में आग लग गई।
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा मंगलवार देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए जाने के बाद से दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष बढ़ गया है।
भाषा संतोष पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.