scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशकड़ाके की सर्दी से कई लोगों की मौत, डर के साये में जी रहे हैं मेरे देश के लोग:तुर्किये के नागरिक

कड़ाके की सर्दी से कई लोगों की मौत, डर के साये में जी रहे हैं मेरे देश के लोग:तुर्किये के नागरिक

Text Size:

(कुणाल दत्त)

नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) तुर्किये में आये 7.8 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप और उसके बाद महसूस किये गये झटकों में काफी संख्या में इमारतें ताश के पत्तों की तरह भरभरा कर ढह गईं, जिसके चलते हजारों लोग बेघर हो गये। साथ ही, कड़ाके की सर्दी के कारण कई लोगों की मौत हो गयी है। वास्तुशिल्प इतिहास की विद्वान कुबरा हैलिसी ने इस्तांबुल से यह जानकारी दी।

तुर्किये की इस नागरिक ने बताया, ‘‘हालांकि, हमलोग भूकंप के केंद्र से बहुत दूर रह रहे हैं, लेकिन हमने भूकंप के बाद आये शक्तिशाली झटकों को महसूस किया है।’’

सोशल मीडिया के माध्यम से पीटीआई-भाषा ने हैलिसी से संपर्क किया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं और मेरे परिवार के लोग सुरक्षित हैं लेकिन मेरे देश के टुकड़े हो गये हैं।’’

हैलिसी ने कहा, ‘‘भूकंप के कारण दस प्रांत प्रभावित हुये हैं और हम लोग स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में केवल मौत और विनाश के दृश्य देख रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इमारतें ताश के पत्तों की तरह भरभरा कर ढह गईं। मलबे में दबे कुछ लोगों की मौत हाड़ कंपाने वाली सर्दी के कारण हो गयी। यहां तक कि ऐसे कई लोग, जो इस आपदा में बेघर हो गए थे, कड़ाके की सर्दी के कारण उनकी मौत हो गयी।’’

सोमवार को आये इस विनाशकारी भूकंप में तुर्किये एवं पड़ोसी देश सीरिया में हजारों लोगों की मौत हो चुकी है जबकि हजारों इमारतें धराशायी हो गईं। इस भूकंप का केंद्र तुर्किये के दक्षिणपूर्वी प्रांत कहारनमारस में था और इसके झटके काहिरा तक महसूस किये गये थे ।

तुर्किये एवं सीरिया में विनाशकारी भूकंप के कारण संकट में फंसे लोगों की मदद के लिये भारत समेत विश्व के विभिन्न देश मानवीय सहायता भेज रहे हैं।

हैलिसी ने कहा, ‘‘मैं सुरक्षित हूं लेकिन मैं अच्छा महसूस नहीं कर रही हूं। भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में मौतें, बीमार और घायल लोग तथा वहां रहने वाले हमारे देशवासी…यह सब हमारे लिए एक बुरे सपने जैसा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम कई ऐसे लोगों को जानते हैं जो अपने परिजनों के पास जाने में अक्षम हैं क्योंकि देश में 7.8 तीव्रता का जबरदस्त भूकंप आया और उसके बाद 7.5 तीव्रता के झटके महसूस किये गये।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें इस बात का अहसास है कि कई देश हमारी मदद कर रहे हैं ।’’

भारत ने मंगलवार को चार सी -17 ग्लोबमास्टर सैन्य परिवहन विमानों के जरिये राहत सामग्री तुर्किये को भेजी। भारत ने एक चलित अस्पताल और विशेष तलाश एवं बचाव दल भी वहां भेजा है।

बुधवार को भारत ने भूकंप प्रभावित सीरिया को आवश्यक दवाओं और चिकित्सा उपकरणों सहित छह टन राहत सामग्री सौंपी।

भाषा रंजन सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments