नयी दिल्ली, 26 जुलाई (भाषा) बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और सिद्धार्थ मल्होत्रा समेत अन्य ने कारगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर शहीद वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।
हर साल 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1999 में इसी दिन भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन विजय’ की सफलता की घोषणा की थी। उस समय लद्दाख के कारगिल में पाकिस्तानी घुसपैठियों से तीन महीने तक चले संघर्ष के बाद भारत को जीत हासिल हुई थी।
इस संघर्ष में 500 से अधिक भारतीय सैनिकों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी।
कुमार ने शनिवार को इंस्टाग्राम एस्टर पर लिखा, ‘‘उन सभी नायकों को श्रद्धांजलि जिन्होंने हमें स्वतंत्रता, गौरव और शांति दी। जय हिंद।’’
मल्होत्रा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर दिवंगत अधिकारी विक्रम बत्रा की कई तस्वीरें पोस्ट कीं। उन्होंने 2021 में आई फिल्म ‘‘शेरशाह’’ में बत्रा की भूमिका को निभाया था। अभिनेता ने फिल्म का पोस्टर भी साझा किया।
अभिनेता अजय देवगन ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर एक नोट साझा किया। इसमें कहा गया, ‘‘जहां मौत भी कांप जाए, वहां हमारे जवान खड़े होते हैं। उनके बलिदान को हमेशा याद रखेंगे।’’
सुनील शेट्टी ने भी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि बहादुरी शाश्वत है।
उन्होंने पोस्ट में कहा, ‘‘युद्ध भले ही इतिहास बन गया हो, लेकिन उनकी वीरता अमर है। कारगिल की पहाड़ियों में गूंजते साहस को सलाम। हम उन सच्चे वीरों के सदैव ऋणी रहेंगे जिन्होंने हमें विजय दिलाई और तिरंगे को गौरव के साथ ऊंचा रखा। जय हिंद।’’
अभिनेता विक्की कौशल ने इंस्टाग्राम पर कहा कि सैनिकों का बलिदान हमेशा प्रेरित करेगा।
उन्होंने लिखा, ‘‘हमारे बहादुर जवानों के साहस और वीरता के लिए उन्हें सलाम और गहरा आभार। उनका सर्वोच्च बलिदान हमें सदैव प्रेरित करता रहेगा। जय हिंद। कारगिल विजयदिवस।’’
भाषा देवेंद्र संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.