scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशमणिकर्ण झड़प: एनसीएम प्रमुख ने हिमाचल मुख्यमंत्री से पीड़ितों का मुआवजा देने को कहा

मणिकर्ण झड़प: एनसीएम प्रमुख ने हिमाचल मुख्यमंत्री से पीड़ितों का मुआवजा देने को कहा

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग (एनसीएम) के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा ने हिमाचल प्रदेश के मणिकर्ण कस्बे में हुई झड़प को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को पत्र लिखा है और उनसे पीड़ितों को मुआवजा देने का आग्रह किया है।

आरोप है कि मणिकर्ण में झड़प के दौरान सिखों की संपत्तियों को “क्षतिग्रस्त” कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार पांच मार्च की रात मणिकर्ण में एक मेले के दौरान पड़ोसी राज्य पंजाब के तीर्थयात्रियों और स्थानीय निवासियों के बीच हुई झड़प में चार लोग घायल हो गए थे। यह कस्बा अपने गुरुद्वारों और पास में स्थित मंदिर के लिए जाना जाता है।

पुलिस ने कहा था कि पार्किंग में खड़े पंजाब और हिमाचल प्रदेश पंजीकरण संख्या वाले वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया और तीर्थयात्रियों ने घरों पर पथराव किया।

एनसीएम ने एक बयान में कहा कि उसे जानकारी मिली है कि गुरुद्वारा मणिकर्ण साहिब क्षेत्र में आने और रहने वाले सिखों पर पांच मार्च को स्थानीय लोगों ने हमला किया था।

एनसीएम ने कहा, “असामाजिक तत्वों ने कस्बे में सिखों के वाहनों और दुकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया।”

बयान में कहा गया है कि तत्काल कार्रवाई करते हुए हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव को नोटिस जारी किया गया।

बयान में कहा गया है कि सुक्खू को लिखे पत्र में लालपुरा ने मुख्यमंत्री से सभी संबंधितों को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया है ताकि भविष्य में दोबारा इस तरह की घटना न हो।

उन्होंने मुख्यमंत्री से पीड़ितों को मुआवजा देने का आग्रह किया।

भाषा जोहेब माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments