अगरतला, सात अप्रैल (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पोलितब्यूरो सदस्य माणिक सरकार ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से त्रिपुरा पश्चिम लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस उम्मीदवार के लिए मतदान करने का अनुरोध किया है।
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार का यह बयान मौजूदा मुख्यमंत्री माणिक साहा और त्रिपुरा पश्चिम लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बिप्लब कुमार देब द्वारा चुनाव प्रचार के दौरान उनकी लगातार की गई आलोचना के बाद आया है।
त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशीष कुमार साहा त्रिपुरा पश्चिम लोकसभा सीट के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रत्याशी हैं और पूर्व माकपा विधायक राजेंद्र रियांग त्रिपुरा पूर्व लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
सरकार ने शनिवार को एक चुनावी रैली में कहा, ‘‘यह चुनाव विधानसभा चुनाव से ज्यादा महत्वपूर्ण है। अगर दिल्ली में बदलाव नहीं हुआ तो हम राज्य को नहीं बचा पाएंगे। मैं पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से त्रिपुरा पश्चिम लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के चिह्न पर चुनाव लड़ रहे ‘इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवार आशीष कुमार साहा के लिए मतदान करने की अपील करता हूं।’’
उन्होंने दावा किया कि त्रिपुरा पूर्व लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और समर्थक माकपा के लिए मतदान करेंगे।
भाषा गोला सुभाष
सुभाष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.