कोलकाता, 12 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को संताली लेखक और शिक्षक पंडित रघुनाथ मुर्मू की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार ने संतालियों के प्रति मुर्मू के योगदान के सम्मान में उनकी जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।
बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘प्रसिद्ध भाषाविद् और ‘ओलचिकी’ लिपि के आविष्कारक पंडित रघुनाथ मुर्मू को उनकी जयंती पर मेरी हार्दिक श्रद्धांजलि।’’
मुर्मू एक लेखक थे जिन्होंने संताली भाषा के लिए ‘ओलचिकी’ लिपि विकसित की थी।
संताली लोगों के पास 19वीं शताब्दी तक लिखने की कोई भाषा नहीं थी, जिसके कारण एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक ज्ञान और जानकारी मौखिक रूप से प्रसारित होती थी।
बनर्जी ने कहा, ‘‘यह हमारे लिए गर्व की बात है कि मेरे संताल भाइयों और बहनों के लिए उनके असाधारण योगदान को मान्यता देते हुए हमारी सरकार ने उनकी (मुर्मू की) जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस मार्गदर्शक कदम का अब अन्य जगहों पर भी अनुसरण किया जा रहा है। हमने एक कॉलेज का नाम भी उनके नाम पर रखा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं एक बार फिर उन्हें आदर के साथ नमन करती हूं।’’
भाषा यासिर वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.