संदेशखालि (पश्चिम बंगाल), दो मार्च (भाषा) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर ममता बनर्जी सरकार की कड़ी आलोचना की और आरोप लगाया कि वह घुसपैठियों को शरण दे रही है।
भाजपा नेता ने तृणमूल कांग्रेस पर घुसपैठियों के लिए फर्जी आधार और मतदाता कार्ड तैयार करने तथा क्षेत्र की जनसांख्यिकी को बदलने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया।
चौहान ने उत्तर 24 परगना जिले में ‘परिवर्तन यात्रा’ रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ममता बनर्जी को शर्म आनी चाहिए। बंगाल में महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद, महिलाओं के साथ बलात्कार और उत्पीड़न के मामले जारी हैं।’’
चौहान ने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस घुसपैठियों को शरण देकर इस क्षेत्र की जनसांख्यिकी को बदलने की कोशिश कर रही है।’’
सीमा सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने दावा किया कि तृणमूल सरकार बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन उपलब्ध नहीं करा रही, क्योंकि इससे घुसपैठियों को भारत में प्रवेश करने से रोका जा सकेगा।
चौहान ने वादा किया कि अगर भाजपा राज्य में सत्ता में आती है, तो वह इन सभी अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
भाषा नेत्रपाल दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
