scorecardresearch
रविवार, 1 जून, 2025
होमदेशओडिशा से चरस आपूर्ति करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का प्रमुख आपूर्तिकर्ता गिरफ्तार

ओडिशा से चरस आपूर्ति करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का प्रमुख आपूर्तिकर्ता गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने ओडिशा के सुदूर नक्सल प्रभावित पहाड़ी क्षेत्र से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ गिरोह को कथित तौर पर बड़ी मात्रा में चरस की आपूर्ति करने का आरोप है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान ओडिशा के कंधमाल जिले के निवासी भागीरथी पधान (27) के रूप में हुई है। माना जा रहा है कि वह इस गिरोह का मुख्य आपूर्तिकर्ता है। मार्च में 120 किलोग्राम चरस जब्त कर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया गया था।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) हर्ष इंदौरा ने कहा, ‘‘पधान फूलबनी (जिसे कंधमाल भी कहा जाता है) जिले के घने नक्सल प्रभावित वन क्षेत्रों से तस्करी किए गए गांजा/भांग की एक अच्छी तरह से स्थापित आपूर्ति शृंखला चलाता था, जहां वह अवैध खेती की भी देखरेख करता था।’’

उन्होंने बताया कि सुराग और तकनीकी निगरानी के आधार पर टीम ने आरोपी को ओडिशा के कंधमाल में गोछापाड़ा पुलिस थाना क्षेत्र से खोज निकाला।

पुलिस ने कहा कि पधान आपूर्ति नेटवर्क का एक प्रमुख व्यक्ति था, जो चरस (जिसे स्थानीय तौर पर ‘कंचन’ कहा जाता है) को भारत के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाता था।

उसका नाम हर्ष प्रताप सिंह और ईशान सिंह से पूछताछ के दौरान सामने आया। दोनों को इस वर्ष की शुरुआत में 120 किलोग्राम चरस जब्त करने के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था।

अधिकारी ने कहा भागीरथी पधान पर पहले भी 2017 में ओडिशा में इसी तरह के अपराधों के लिए एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments