नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से सोमवार रात नौ बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं:
वि12 ऑस्कर लीड भारत आरआरआर
फिल्म ‘आरआरआर’ के गीत ‘नाटु नाटु’ ने ऑस्कर जीत कर रचा इतिहास
लॉस एंजिलिस (अमेरिका), भारतीय फिल्म ‘आरआरआर’ के तेलुगु गीत ‘नाटु नाटु’ ने अकादमी पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ मूल (ओरिजनल) गीत की श्रेणी में ऑस्कर जीत कर इतिहास रच दिया है।
वि16 ऑस्कर विजेता सूची
ऑस्कर 2023: पुरस्कार विजेताओं की सूची
लॉस एंजिलिस (अमेरिका), ऑस्कर में इस साल ‘एवरीथिंग एवरीवेयर ऑल एट वन्स’ का बोलबाला रहा… सर्वश्रेष्ठ फिल्म बनने के साथ इसके लिए डेनियल क्वान तथा डेनियल स्कैनर्ट को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक चुना गया और फिल्म की अदाकारा मिशेल योह को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार से नवाजा गया।
दि71 न्यायालय लीड समलैंगिक विवाह
न्यायालय ने समलैंगिक विवाह को मान्यता देने के अनुरोध वाली याचिकाओं को संविधान पीठ के पास भेजा
नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता दिए जाने के अनुरोध वाली याचिकाओं को सोमवार को पांच न्यायाधीशों की संविधान पीठ के पास भेज दिया और कहा कि यह मुद्दा ‘बुनियादी महत्व’ का है।
दि82 न्यायालय लीड ओआरओपी
सरकार ओआरओपी बकाए का किस्तों में भुगतान करने के लिए परिपत्र जारी नहीं कर सकती: न्यायालय
नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को कहा कि रक्षा मंत्रालय ‘वन रैंक वन पेंशन’ (ओआरओपी) के बकाए का भुगतान चार किस्तों में करने संबंधी परिपत्र जारी कर कानून अपने हाथ में नहीं ले सकता।
संसद19 दूसरी लीड स्थगित लोस
लोकतंत्र को लेकर राहुल की टिप्पणी पर लोस में हंगामा, कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित
नयी दिल्ली, कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भारत के लोकतंत्र के बारे में लंदन में दिए गए बयान को लेकर में लोकसभा में सोमवार को भारी हंगामा हुआ। सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के शोर शराबे के कारण सदन की बैठक एक बार के स्थगन के बाद पूरे दिन के लिए स्थगित करनी पड़ी।
संसद15 तीसरी लीड स्थगित रास
राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर राज्यसभा में हंगामा, कार्यवाही रही दिन भर बाधित
नयी दिल्ली, कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भारत के लोकतंत्र के बारे में लंदन में दिए गए एक बयान को लेकर राज्यसभा में सोमवार को सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप और हंगामे के कारण सदन की बैठक पूरे दिन बाधित रही।
दि60 मंत्रालय चीन रिपोर्ट
चीन के साथ भारत का संबंध ‘जटिल’ : विदेश मंत्रालय की वार्षिक रिपोर्ट
नयी दिल्ली, विदेश मंत्रालय अपनी एक रिपोर्ट में सोमवार को कहा कि चीन के साथ भारत का संबंध ‘जटिल’ है और अप्रैल-मई 2020 में पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर एकतरफा ढंग से यथास्थिति बदलने के चीनी प्रयास के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों में अमन एवं शांति को गंभीर रूप से क्षति पहुंची।
दि69 एमईए पाकिस्तान रिपोर्ट
घरेलू मुद्दों से ध्यान बंटाने के लिए भारत के खिलाफ शत्रुतापूर्ण दुष्प्रचार कर रहा है पाक : एमईए
नयी दिल्ली, विदेश मंत्रालय ने सोमवार को एक रिपोर्ट में कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित सीमा पार आतंकवाद में कोई कमी नहीं आयी है तथा इस्लामाबाद ने 26 नवंबर (2008) के मुंबई आतंकवादी हमले के पीड़ितों के परिवारों को न्याय दिलाने के मामले में अभी तक कोई गंभीरता नहीं दिखायी है।
दि51 कांगेस अडाणी प्रदर्शन
कांग्रेस ने अडाणी समूह के मामले को लेकर देशव्यापी प्रदर्शन किया
नयी दिल्ली, कांग्रेस ने अडाणी समूह से जुड़े मामले पर मोदी सरकार की ‘चुप्पी’ के खिलाफ सोमवार को देशव्यापी प्रदर्शन किया और राज भवनों की तरफ कूच किया।
प्रादे71 बिहार तेजस्वी ईडी
ईडी ने बहनों के आभूषण उतरवाकर उन्हें बरामदगी के तौर पर दिखाया: तेजस्वी यादव
पटना, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सोमवार को आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय ने पिछले सप्ताह उनके दिल्ली स्थित आवास पर “आधे घंटे में” छापेमारी खत्म कर दी थी, लेकिन वे “ऊपर से आदेश मिलने” की प्रतीक्षा करते हुए घर में ही रुके रहे।
प्रादे86 महाराष्ट्र मुंबई लीड तापमान
मुंबई में मार्च में दूसरी बार देश में सबसे अधिक तापमान दर्ज: आईएमडी
मुंबई, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को कहा कि मार्च के महीने में दूसरी बार मुंबई में देश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने समुद्री हवाएं नहीं चलने या देरी से चलने को तापमान में वृद्धि का कारण बताया है।
वि34 पाक इमरान लीड गिरफ्तारी वारंट
महिला न्यायाधीश को धमकी देने, तोशाखाना मामले में इमरान खान के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी
इस्लामाबाद, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ सोमवार को दो मामलों में गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए।
वि25 पाक हिंदू रैली
पाकिस्तान में जबरन धर्मांतरण, अपहरण और नाबालिगों की शादी के खिलाफ हिंदू समुदाय करेगा प्रदर्शन
कराची, पाकिस्तान के अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के सदस्य जबरन धर्मांतरण, अपहरण और नाबालिगों के विवाह की बढ़ती घटनाओं के विरोध में इस महीने के अंत में एक रैली करेंगे और यहां सिंध विधानसभा भवन के बाहर एकत्र होंगे।
अर्थ51 लीड मुद्रास्फीति
खुदरा मुद्रास्फीति फरवरी में मामूली घटकर 6.44 प्रतिशत पर
नयी दिल्ली, खाने का सामान एवं ईंधन की कीमतों में नरमी के बीच खुदरा मुद्रास्फीति फरवरी में मामूली घटकर 6.44 प्रतिशत पर रही। सोमवार को जारी सरकारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।
अर्थ40 लीड अनुपूरक मांग
सरकार ने चालू वर्ष में 1.48 लाख करोड़ अतिरिक्त व्यय के लिए संसद की मंजूरी मांगी
नयी दिल्ली, केंद्र सरकार ने अनुपूरक अनुदान मांग के तहत चालू वित्त वर्ष (2022-23) में 1.48 लाख करोड़ रुपये से अधिक अतिरिक्त व्यय के लिये सोमवार को संसद से मंजूरी मांगी।
खेल14 खेल भारत परिणाम
आखिरी टेस्ट ड्रॉ, भारत ने ऑस्ट्रेलिया को चार मैचों की श्रृंखला में 2-1 से हराया
अहमदाबाद, ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच बॉर्डर-गावस्कर श्रृंखला का चौथा और आखिरी टेस्ट मैच सोमवार को यहां ड्रॉ पर छूटा जिससे भारत ने चार मैचों की श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की।
खेल16 खेल आईसीसी पुरस्कार
ब्रूक आईसीसी के महीने के सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी बने, गार्डनर सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी
दुबई, इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने सोमवार को भारत के रविंद्र जडेजा और वेस्टइंडीज के गुडाकेश मोती को पछाड़कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का फरवरी महीने का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी का पुरस्कार जीता जबकि ऑस्ट्रेलिया की एशलेग गार्डनर ने महिला वर्ग में बाजी मारी।
भाषा
जोहेब दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
