गोंदिया, 27 जून (भाषा) महाराष्ट्र के गोंदिया शहर में निर्दलीय विधायक विनोद अग्रवाल के जनसंपर्क कार्यालय पर सोमवार को हुए हमले में शामिल होने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि दोपहर डेढ़ बजे हुई इस घटना में लोगों के समूह ने लाठी-डंडों के साथ एक कांच का दरवाजा तोड़ दिया और प्रवेशद्वार पर सुरक्षा गार्ड के साथ तू-तू मैं-मैं की।
उन्होंने बताया कि घटना के वक्त अग्रवाल मुंबई में थे और उनके समर्थकों ने गोंदिया सिटी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा, ‘‘गिरफ्तार किए गए छह लोगों में से दो मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से पकड़े गए हैं।’’
पुलिस अधीक्षक विश्व पानसरे ने ‘‘पीटीआई-भाषा’’ से बात करते हुए कहा कि 30 सदस्यीय दंगा नियंत्रण पुलिस टीम, एक उप निरीक्षक और पांच महिला कांस्टेबल को मौके पर तैनात किया गया है।
संयोग से अग्रवाल ने शिवसेना विधायक एकनाथ शिंदे के महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ बगावत के दो दिन बाद 23 जून को, भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस को समर्थन पत्र की पेशकश की थी।
भाषा संतोष अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
