scorecardresearch
बुधवार, 7 मई, 2025
होमदेशमहाराष्ट्र: 14 वर्षीय आदिवासी लड़की को 35 वर्षीय व्यक्ति के हाथों बेचा, आठ लोग गिरफ्तार

महाराष्ट्र: 14 वर्षीय आदिवासी लड़की को 35 वर्षीय व्यक्ति के हाथों बेचा, आठ लोग गिरफ्तार

Text Size:

ठाणे, सात मई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में हाल ही में 14-वर्षीय आदिवासी लड़की से शादी करने वाले 35-वर्षीय व्यक्ति सहित आठ लोगों को बुधवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि शादी करने वाले व्यक्ति ने नाबालिग लड़की को उसके माता-पिता को कथित तौर पर पैसे देकर खरीदा था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़की कातकरी समुदाय से है।

उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों से पुरुषों का ठाणे जिले के आदिवासी इलाके में आना और दुल्हन के लिए पैसे देना इस क्षेत्र में एक नया चलन है।

पुलिस के अनुसार, नाबालिग लड़की के पिता ने उसकी शादी पश्चिमी महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के निवासी मंगेश गडेकर (35) से 1.20 लाख रुपये में तय की थी।

अधिकारी ने बताया कि आदिवासियों के कल्याण के लिए काम करने वाले संगठन ‘श्रमजीवी संगठन’ के स्थानीय स्वयंसेवक दयानंद पाटिल को सबसे पहले इस नियोजित विवाह के बारे में सूचना मिली और उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम बुधवार को पिंजले गांव पहुंची और दूल्हे व दुल्हन के एक-दूसरे को माला पहनाने के ठीक बाद विवाह को रोक दिया।

गणेशपुरी थाने के निरीक्षक संदीपन सोनावणे ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 143 (तस्करी) और बाल विवाह रोकथाम अधिनियम के तहत 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया तथा उनमें से गडेकर सहित आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि लड़की के पिता और सौतेली मां एक बिचौलिये के साथ फरार हैं।

सोनावणे ने कहा, “नासिक और अहमदनगर जैसे जिलों से, जहां दुल्हन आसानी से नहीं मिलती, वहां पुरुष अक्सर कम उम्र की लड़कियों से शादी करने के लिए ठाणे आते हैं। यह एक बढ़ती हुई समस्या है।’’

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments