scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशमहाराणा प्रताप, शिवाजी महाराज असली राष्ट्रीय नायक हैं, औरंगजेब नहीं: राजनाथ सिंह

महाराणा प्रताप, शिवाजी महाराज असली राष्ट्रीय नायक हैं, औरंगजेब नहीं: राजनाथ सिंह

Text Size:

छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र), 18 अप्रैल (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि महाराणा प्रताप और छत्रपति शिवाजी महाराज राष्ट्रीय नायक हैं, न कि मुगल शासक औरंगजेब।

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में मेवाड़ के शासक महाराणा प्रताप की आदमकद प्रतिमा का अनावरण करने के बाद आयोजित समारोह में सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप साहस और देशभक्ति के प्रतीक थे।

सिंह ने कहा, ‘‘छत्रपति शिवाजी महाराज ने विशेष रूप से गुरिल्ला युद्ध रणनीति के लिए महाराणा प्रताप से प्रेरणा ली थी।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने दावा किया कि स्वतंत्रता के बाद वामपंथी झुकाव वाले इतिहासकारों ने महाराणा प्रताप और शिवाजी महाराज दोनों को उचित श्रेय नहीं दिया, बल्कि औरंगजेब का महिमामंडन किया।

उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग मानते हैं कि औरंगजेब एक नायक था, उन्हें पंडित जवाहरलाल नेहरू की किताब पढ़नी चाहिए, जिन्होंने लिखा था कि मुगल बादशाह एक क्रूर, कट्टरपंथी शासक था।’’

सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप ने अपने स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी और मुगल सम्राट अकबर के प्रभुत्व को चुनौती दी।

उन्होंने कहा कि अपनी अनुकरणीय वीरता के अलावा महाराणा प्रताप ने समाज के सभी वर्गों को एकजुट किया। उन्होंने कहा, ‘‘आदिवासी और मुसलमान उनकी सेना का हिस्सा थे। हकीम खान सूरी ने मुगलों के खिलाफ लड़ते हुए हल्दीघाटी की लड़ाई में अपना जीवन बलिदान कर दिया। एक मुस्लिम युवक शिवाजी महाराज का अंगरक्षक था।’’

मंत्री ने कहा कि औरंगजेब का महिमामंडन करने वाले मुसलमानों का अपमान करते हैं।

भाषा

देवेंद्र सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments