भोपाल, 26 फरवरी (भाषा) भोपाल के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त कार्यालय को लोक प्रशासन की श्रेणी में आईएसओ 9001:2015 प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भोपाल कार्यालय यह प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाला भारत का पहला प्रशासनिक आयकर कार्यालय है। आयकर अधिकारी ने बताया कि ‘यूनिवर्सल सर्टिफिकेशन सर्विसेज’ द्वारा मंगलवार को यह प्रमाण पत्र जारी किया गया।
प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त (मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़) पुरुषोत्तम त्रिपुरी ने कहा कि सभी कर्मचारियों और अधिकारियों के समर्पित प्रदर्शन की बदौलत यह प्रमाण पत्र प्राप्त किया जा सका है।
उन्होंने कहा, ‘‘आईएसओ प्रमाण पत्र विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त है और यह हमारे समर्पित सेवा और प्रशासनिक क्षमताओं तथा हमारे कर्मचारियों और करदाताओं के प्रति संतोषजनक कार्य को दर्शाता है। मुझे उम्मीद है कि यह प्रमाण पत्र हमारी विश्वसनीयता बढ़ाएगा और हमारी परिचालन क्षमताओं में सुधार करेगा।’’
त्रिपुरी ने कहा कि भविष्य में भी सभी को इसी समर्पण और मेहनत के साथ अपना काम करते रहना चाहिए। इस अवसर पर महानिदेशक (जांच) सतीश गोयल भी मौजूद थे।
भाषा दिमो आशीष
आशीष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.