scorecardresearch
Friday, 27 November, 2026
होमदेशसंविधान के निर्माण में मध्यप्रदेश की अहम भूमिका रही: यादव

संविधान के निर्माण में मध्यप्रदेश की अहम भूमिका रही: यादव

Text Size:

भोपाल, 26 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि संविधान के निर्माण में राज्य की अहम भूमिका रही है।

यादव ने कहा कि इतना ही नहीं, देश का नाम ‘इंडिया’ के बजाय ‘भारत’ रखने का फैसला लेने में भी मध्यप्रदेश ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

विधानसभा में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘संविधान दिवस’ का आयोजन देश की गौरवशाली विरासत और परंपरा को दर्शाता है। उन्होंने कहा, ‘समानता और बंधुत्व हमारे संविधान की आत्मा हैं। संविधान के निर्माण में मध्यप्रदेश की अहम भूमिका रही है। देश का नाम ‘इंडिया’ के बजाय ‘भारत’ रखा जाए, यह तय करने में भी राज्य ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।’

उन्होंने आगे बताया कि मध्य भारत क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले सेठ गोविंद दास और हरि विष्णु कामथ ने ‘इंडिया’ के बजाय ‘भारत’ नाम रखने की वकालत की थी।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मौलिक अधिकारों को निलंबित किए जाने का विरोध करने में भी मध्यप्रदेश की अहम भूमिका रही। 1921 में, डॉ. हरिसिंह गौर ने भारत में एक उच्चतम न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) स्थापित करने पर जोर दिया था। 1928 में, पंडित मोतीलाल नेहरू भी इस विचार से सहमत थे।’

उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों – रवि शंकर शुक्ल और भगवंत राव मंडलोई – ने राज्य और केंद्र सरकार के योगदान तथा कर (टैक्स) बंटवारे का मुद्दा उठाया था।

उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जीएसटी व्यवस्था लागू कर दी है। उन्होंने यह भी कहा कि अशोक चिह्न में मौजूद चार शेरों से भी मध्यप्रदेश का नाता है, क्योंकि इसके डिजाइन में स्वर्गीय पंडित दीनानाथ भार्गव ने अहम भूमिका निभाई थी।

इतिहासकारों के मुताबिक संविधान के निर्माण के दौरान संविधान के प्रथम पृष्ठ का भी निर्माण किया गया, जिसे अशोक स्तंभ का रूप दिया गया है।

उनके मुताबिक, संविधान के प्रथम पृष्ठ पर बनाए गए अशोक स्तंभ के मुख्य चित्रकार की भूमिका दीनानाथ भार्गव ने निभाई थी।

भाषा सं ब्रजेन्द्र रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments