भोपाल, 28 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन को बृहस्पतिवार को एक साल का सेवा विस्तार मिल गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इसकी जानकारी दी।
यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव अनुराग जैन, आपको कार्यकाल का एक वर्ष बढ़ाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’
उन्होंने कहा, ‘आपके दीर्घ प्रशासनिक अनुभव, नवाचारों और सतत प्रयासों से प्रदेश की विकास यात्रा निरंतर नए प्रतिमान स्थापित करे, मेरी मंगलकामनाएं।’
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1989 बैच के वरिष्ठ अधिकारी जैन ने तीन अक्टूबर 2024 को राज्य सरकार के 35वें मुख्य सचिव का पद संभाला था और इसी साल अगस्त महीने में उनका कार्यकाल समाप्त हो रहा था।
जैन का जन्म 11 अगस्त 1965 को ग्वालियर, मध्यप्रदेश में हुआ। भारतीय प्रशासनिक सेवा में कार्यभार ग्रहण करने के बाद जैन की पहली पदस्थापना जून 1990 में सागर जिले में सहायक जिलाधिकारी के रूप में हुई थी।
मुख्य सचिव जैन मंडला, मंदसौर और भोपाल जिले में जिलाधिकारी के पद पर थे। उन्होंने मध्यप्रदेश शासन में सचिव, प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिव के रूप में विभिन्न विभागों के दायित्वों का निर्वहन किया है। वह भारत सरकार में प्रतिनियुक्ति पर प्रमुख पदों पर भी रहे हैं।
जैन ने 1986 में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-खड़गपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की थी।
भाषा
ब्रजेन्द्र, रवि कांत
रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.