scorecardresearch
बुधवार, 30 अप्रैल, 2025
होमदेशमध्यप्रदेश : भाजपा प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा का निधन, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

मध्यप्रदेश : भाजपा प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा का निधन, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

Text Size:

इंदौर, 30 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई के प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा (52) का बुधवार को इंदौर में निधन हो गया। भाजपा के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी।

पदाधिकारी ने बताया कि सलूजा की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उनके घर के पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश भाजपा प्रवक्ता को संभवत: दिल का दौरा पड़ा था।

भाजपा पदाधिकारी ने बताया कि सलूजा भोपाल के पास सीहोर में मंगलवार को एक शादी समारोह में शामिल हुए थे और बुधवार को ही इंदौर स्थित घर लौटे थे।

सलूजा के शोक में डूबे उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।

सलूजा के निधन पर सूबे के मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ समेत भाजपा और कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने शोक जताया है।

सूबे के मुख्यमंत्री यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा,’सलूजा के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत ही दुखद और स्तब्धकारी है। मृदुभाषिता, सरलता और सहजता उनके व्यक्तित्व का अभिन्न हिस्सा रही। (भाजपा) संगठन के प्रति उनका समर्पण सदैव याद किया जाएगा।’’

सलूजा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी, लेकिन 2022 में वह पाला बदल कर भाजपा में शामिल हो गए थे। यह घटनाक्रम उस वक्त हुआ था, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ मध्यप्रदेश से गुजर रही थी।

भाषा

हर्ष, रवि कांत रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments