scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमदेशमध्य प्रदेश: गेहूं चोरी के 45 साल पुराने मामले में आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश: गेहूं चोरी के 45 साल पुराने मामले में आरोपी गिरफ्तार

Text Size:

खरगोन (मध्यप्रदेश), आठ फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के एक बुजुर्ग व्यक्ति को 45 साल पहले दर्ज गेहूं चोरी के एक मामले गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मंडलेश्वर की अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) श्वेता शुक्ला ने रविवार को बताया कि सलीम और छह अन्य ने 1980 में बालसमुंद के काकड़ इलाके में खेतों से गेहूं चुराया था।

उन्होंने कहा कि उस समय सलीम 20 साल का था।

अधिकारी ने बताया कि चोरी किए गए गेहूं की कीमत 100 रुपये थी और उस समय एक क्विंटल (100 किलोग्राम) अच्छी गुणवत्ता वाले गेहूं की कीमत 1.15 रुपये प्रति किलोग्राम थी।

एसडीओपी ने बताया कि बलकवाड़ा थाना क्षेत्र के बलखड गांव का रहने वाला सलीम चोरी के बाद भाग गया और पड़ोसी धार जिले के बाग कस्बे में अपने बेटे के साथ किराने की दुकान चलाने लगा।

उन्होंने कहा कि यह मामला अदालतों में लंबित रहा जबकि सलीम के खिलाफ वारंट भी जारी किया गया था।

खलटका थाने के प्रभारी मिथुन चौहान ने बताया कि एक अन्य आरोपी की तलाशी के दौरान पुलिस को पता चला कि सलीम किराने की दुकान के जरिये जीवन यापन चला रहा है।

उन्होंने कहा कि पहचान की पुष्टि होने के बाद उसे शनिवार को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका मानना था कि इतने सालों के बाद मामले को भुला दिया गया होगा और वह कानूनी कार्रवाई से बच गया है।

चौहान ने बताया कि सलीम को यहां एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

भाषा सं ब्रजेन्द्र जोहेब

जोहेब

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments