scorecardresearch
Tuesday, 17 March, 2026
होमदेशवडिनार पोर्ट पर आज पहुंचेगा LPG टैंकर ‘नंदा देवी’, 46,000 टन गैस की सप्लाई

वडिनार पोर्ट पर आज पहुंचेगा LPG टैंकर ‘नंदा देवी’, 46,000 टन गैस की सप्लाई

हॉर्मुज जलडमरूमध्य पार कर सुरक्षित भारत पहुंच रहा दूसरा LPG जहाज, पश्चिम एशिया संकट के बीच बड़ी राहत.

Text Size:

नई दिल्ली: भारतीय LPG कैरियर ‘शिवालिक’ के भारत पहुंचने के बाद अब एक और LPG टैंकर ‘नंदा देवी’ मंगलवार को गुजरात के वडिनार पोर्ट पहुंचेगा. यह जहाज करीब 46,000 मीट्रिक टन तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (LPG) लेकर आ रहा है.

‘नंदा देवी’ जहाज के मुख्य अधिकारी ने बताया कि इस पहल को बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय और शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया ने मिलकर आगे बढ़ाया. साथ ही भारतीय और ईरानी नौसेनाओं ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य पार करने में जरूरी मदद दी.

उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण दुनिया भर में पैदा हुए संकट के बीच यह 46,000 मीट्रिक टन LPG भारत के लिए काफी मददगार साबित होगा.

उन्होंने कहा, “मैं इस ऑपरेशन से जुड़े सभी लोगों का धन्यवाद करना चाहता हूं. यह पहल भारतीय मंत्रालय और शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया ने की, जिसमें भारतीय और ईरानी नौसेना का सहयोग मिला. जहाज ने सुरक्षित रूप से हॉर्मुज पार किया है और अब गुजरात के कांडला की ओर बढ़ रहा है. यह 46,000 मीट्रिक टन LPG लेकर आ रहा है, जो वैश्विक संकट के समय मदद करेगा. भविष्य में भी हम LPG की सप्लाई जारी रखेंगे.”

यह दूसरा LPG जहाज है जो हॉर्मुज जलडमरूमध्य पार कर सफलतापूर्वक भारत पहुंच रहा है.

इससे पहले सोमवार को भारतीय LPG कैरियर ‘शिवालिक’ करीब 40,000 मीट्रिक टन LPG लेकर गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पहुंचा था. इसमें से 20,000 मीट्रिक टन गैस मुंद्रा में उतारी जाएगी, जबकि बाकी 26,000 मीट्रिक टन मैंगलोर भेजी जाएगी.

वहीं, UAE से चला भारतीय झंडे वाला जहाज ‘जग लाडकी’, जो करीब 81,000 टन मुरबन कच्चा तेल लेकर आ रहा है, सुरक्षित रूप से भारत की ओर बढ़ रहा है.

अधिकारी ने बताया कि फारस की खाड़ी क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में किसी तरह की घटना की कोई खबर नहीं है.

फिलहाल फारस की खाड़ी में 22 भारतीय झंडे वाले जहाज मौजूद हैं, जिनमें कुल 611 नाविक सवार हैं.

share & View comments