नयी दिल्ली, दो अगस्त (भाषा) दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अरविंदर सिंह लवली को ट्रांस यमुना विकास बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है और पार्टी विधायक राज कुमार चौहान को दिल्ली ग्राम विकास बोर्ड के प्रमुख का पद दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में निर्णय दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा विधायकों की बैठक में लिया गया।
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली सरकार की हाल में हुई कैबिनेट बैठक में इन नियुक्तियों पर निर्णय लिया गया और आवश्यक अधिसूचनाएं जल्द ही जारी होने की संभावना है।
मंगोलपुरी सीट से भाजपा विधायक चौहान ने कहा, ‘‘मुझे यह जिम्मेदारी दी गई है, इसके लिए मैं आभारी हूं और मुख्यमंत्री ने मुझ पर जो विश्वास दिखाया है, उस पर खरा उतरने के लिए कड़ी मेहनत करूंगा।’’
चौहान पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में एक दशक से अधिक समय तक मंत्री रहे। वह 2024 के आम चुनाव से पहले उत्तर पश्चिम सीट लोकसभा सीट से टिकट मांग रहे थे, लेकिन कांग्रेस के इनकार के बाद वह भाजपा में शामिल हो गए।
ट्रांस यमुना विकास बोर्ड का अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर लवली की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी।
लवली भी शीला दीक्षित सरकार में मंत्री रहे थे। उन्होंने दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष का पद भी संभाला था। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी से इस्तीफा दे दिया और भाजपा में शामिल हो गए।
इस साल फरवरी में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें गांधी नगर सीट से मैदान में उतारा था।
भाषा
नोमान संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.