scorecardresearch
बुधवार, 30 अप्रैल, 2025
होमदेशलोकसभा चुनाव : भाजपा पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार और बसवराज बोम्मई को बना सकती है उम्मीदवार

लोकसभा चुनाव : भाजपा पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार और बसवराज बोम्मई को बना सकती है उम्मीदवार

Text Size:

बेंगलुरु, सात मार्च (भाषा) देश में आगामी लोकसभा चुनाव में कर्नाटक में बड़ी जीत हासिल करने की योजना बना रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने दो पूर्व मुख्यमंत्रियों – बसवराज बोम्मई और जगदीश शेट्टार को उम्मीदवार बना सकती है।

बोम्मई और शेट्टार दोनों ही लिंगायत समुदाय के बड़े नेता हैं। ऐसा माना जाता है कि लिंगायत समुदाय के लोग बड़ी संख्या में भाजपा के पक्ष में मतदान करते हैं।

भाजपा के वयोवृद्ध नेता बी एस येदियुरप्पा ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य की सभी 28 लोकसभा सीट के लिए बोम्मई और शेट्टार सहित अन्य उम्मीदवारों के नामों के संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के साथ चर्चा हुई है, लेकिन इस संबंध में अब तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।

भाजपा के संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य येदियुरप्पा ने यह भी संकेत दिया कि भाजपा कर्नाटक में अपने गठबंधन सहयोगी जनता दल (सेक्युलर) को दो-तीन सीट आवंटित कर सकती है।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व अंतिम निर्णय लेगा।

पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से पहले विभिन्न राज्यों के भाजपा नेता शाह और नड्डा से मुलाकात कर रहे हैं। इस सप्ताह भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की दूसरी बैठक होनी है, जिसमें लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।

भाजपा अब तक लोकसभा की कुल 543 में से 195 सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।

येदियुरप्पा ने राष्ट्रीय राजधानी में संवाददाताओं से कहा, ‘‘कल अमित शाह जी, नड्डा जी और हम सभी ने मिलकर राज्य की सभी 28 लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की। टिकट किसे दिया जाए यह अभी तय नहीं हुआ है। इन सभी पर प्रधानमंत्री के साथ चर्चा की जाएगी और हमें दो-तीन दिनों में इसे लेकर स्पष्टता मिल सकती है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘ सभी बातों पर चर्चा हो चुकी है, लेकिन किसे कहां से टिकट दिया जाएगा, यह अभी तय नहीं हुआ है। बोम्मई और जगदीश शेट्टार को लेकर चर्चा हुई है।’’

शेट्टार, जो पिछले साल राज्य विधानसभा चुनाव से पहले टिकट नहीं मिलने पर नाराज होकर भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे, जनवरी में अपनी भाजपा में फिर से लौट आए हैं।

बोम्मई और शेट्टार दोनों ही नेता लिंगायत समुदाय से हैं, जिसे कर्नाटक में भाजपा के मजबूत वोट-आधार के रूप में देखा जाता है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार पिछले साल विधानसभा चुनावों में समुदाय का भाजपा से ‘थोड़ा दूर जाना’ उसकी हार के प्रमुख कारणों में से एक माना जाता है। येदियुरप्पा भी लिंगायत समुदाय से ताल्लुक रखते हैं।

येदियुरप्पा के मुताबिक बृहस्पतिवार को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के साथ एक और दौर की चर्चा होगी जिसमें कुछ फैसले लिए जा सकते हैं। उन्होंने कम से कम 25 सीट जीतने का भी भरोसा जताया और कहा कि इस दिशा में प्रयास जारी हैं।

जद(एस) को दी जाने वाली सीटों के बारे में उन्होंने कहा कि मोदी और शाह जो फैसला लेंगे वह अंतिम होगा।

भाषा रवि कांत माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments