scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशअन्य कैदियों की तरह सिसोदिया को भी मूलभूत चीजें चीजें दी गयी: तिहाड़ जेल प्रशासन

अन्य कैदियों की तरह सिसोदिया को भी मूलभूत चीजें चीजें दी गयी: तिहाड़ जेल प्रशासन

Text Size:

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, सात मार्च (भाषा) दिल्ली के आबकारी घोटाले के आरोपी पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को तिहाड़ जेल में वरिष्ठ नागरिकों वाली कोठरी में रखा गया है और जेल नियमावली के अनुसार अन्य कैदी की भांति उन्हें मूलभूत चीजें दी जा रही हैं एवं खाना दिया जा रहा है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता सिसोदिया को सोमवार को यहां इस जेल में लाया गया था। उससे कुछ ही देर पहले सीबीआई की एक अदालत ने उन्हें इस मामले में 14 दिनों के लिए 20 मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

सूत्र ने बताया कि सिसोदिया अपने साथ भगवद्गीता की एक प्रति लेकर आये हैं। उसका कहना है कि जिन अन्य चीजों की अदालत ने अनुमति दी है, वे अभी सिसोदिया के घर से नहीं आयी हैं, हालांकि मंगलवार को उन्हें कुछ अतिरिक्त कपड़े भी मिले।

एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार रात को जेल नियमावली के अनुसार उन्हें कंबल, साबुन, टूथपेस्ट, ब्रश आदि दिये गये तथा खाने में उन्हें चावल, रोटी, दाल एवं अन्य चीजें दी गयीं।

अधिकारियों ने कहा कि हर जेल में एक पुस्तकालय होता है और हर कैदी उसका सदस्य होता है। उनका कहना था कि जो कोई पुस्तक लेना चाहता है वह उसे वहां से ले सकता है।

अधिकारियों ने बताया कि सिसोदिया को उनकी कोठरी में भेजे जाने से पहले उनका मेडिकल परीक्षण किया गया था।

अदालत ने सिसोदिया को अपने साथ भगवद्गीता, चश्मे और दवाइयां जेल में ले जाने की अनुमति दी है। अदालत ने तिहाड़ जेल प्रशासन को विपस्यना ध्यान लगाने के उनके अनुरोध पर विचार करने का निर्देश दिया था।

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अब निरस्त की जा चुकी दिल्ली की आबकारी नीति 2021-22 को तैयार करने एवं इसके क्रियान्वयन में कथित भ्रष्टाचार को लेकर पिछले सप्ताह सिसोदिया को गिरफ्तार किया था।

भाषा

राजकुमार माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments