(तस्वीर के साथ)
नयी दिल्ली, 12 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ब्रिक्स के नौ अन्य सदस्य देशों के नेताओं ने शुक्रवार को शिखर सम्मेलन के पहले दिन ‘भारत मंडपम’ परिसर में बरगद के कुल 10 पौधे लगाए।
भारत 12 और 13 सितंबर को नयी दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। इसमें चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी सहित अन्य नेता भाग ले रहे हैं।
शनिवार शाम मोदी और कई अन्य देशों के नेताओं ने भारत मंडपम परिसर में आयोजित ‘भारत इनोवेट्स’ प्रदर्शनी क्षेत्र का भी दौरा किया और इसके बाद विशाल सम्मेलन केंद्र के लॉन में पौधे लगाए।
मोदी और नौ अन्य नेता भारत मंडपम भवन को पृष्ठभूमि में रखते हुए एक कतार में खड़े हुए और सभी ने एक-एक पौधा लगाया।
मामले से परिचित लोगों ने बताया कि सभी पौधे बरगद के थे।
भारत के ब्रिक्स शेरपा सुधाकर दलेला ने बाद में आयोजन स्थल स्थित अंतरराष्ट्रीय मीडिया केंद्र में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि नेताओं द्वारा पौधे लगाना ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अनुरूप था और यह ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की थीम के भी अनुरूप था।
भाषा शफीक देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.