ईटानगर, 29 जनवरी (भाषा) अरुणाचल प्रदेश में खोंसा वेस्ट से विधायक रहे युमसेम माटे के बेटे यांगसेन माटे ने कहा है कि वह अपने पिता के निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
अरुणाचल प्रदेश में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं।
पिछले साल 16 दिसंबर को जिले के लाजू सर्कल में भारत-म्यांमा सीमा के पास अज्ञात हमलावरों ने युमसेम माटे की गोली मारकर हत्या कर दी थी। राज्य सरकार ने 21 दिसंबर को यह मामला राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण को सौंप दिया था।
यांगसेन के पिता तिरप जिले की खोंसा वेस्ट सीट का प्रतिनिधित्व करते थे।
हाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए यांगसेन ने रविवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए उन्हें पार्टी का टिकट मिलेगा।
यांगसेन (29) ने कहा, ‘‘मैं लोगों को एकजुट करना चाहता हूं, खासकर नोक्टे और ओलो जनजाति के लोगों को। मैं लोगों के बीच राजनीतिक मतभेदों को दूर करना और उन्हें एक साथ लाना चाहता हूं जो मेरे पिता का भी सपना था।’’
नोक्टे जनजाति के लोगों को नोक्टे नगा के नाम से जाना जाता है। इनका तिब्बती-बर्मी जातीय समूह से संबंध है और ये मुख्य रूप से पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश में रहते हैं। वहीं ओलो जनजाति के लोगों को लाजू नगा के नाम से जाना जाता है। ओलो जनजाति के लोगों का संबंध भी तिब्बती-बर्मी जातीय समूह से है।
यांगसेन ने लोगों से अपील की कि वे राजनीतिक और वैचारिक मतभेदों के कारण एक-दूसरे के खिलाफ नहीं लड़ें।
भाषा सुरभि सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
