नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) दिल्ली के सुभाष प्लेस में एक इमारत के मरम्मत कार्य के दौरान एक दीवार गिर गई । इससे मरम्मत कार्य में लगे मजदूर की कथित तौर पर पहली मंजिल से गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उत्तर पश्चिम दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) उषा रंगनानी ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब पौने दस बजे सुभाष प्लेस थाने में शकूरपुर के जी-ब्लॉक में एक मकान की दीवार गिरने की सूचना मिली।
पुलिस मौके पर पहुंची और बिहार के बांका जिले के पाटकी गांव के रहने वाले रघुवंश को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।
रंगनानी ने कहा कि तीन मंजिला खाली इमारत की पहली मंजिल का नवीनीकरण किया जा रहा है, यहां एक दीवार गिर गई और मजदूर जमीन पर गिर गया था। इमारत के भूतल पर एक चर्च है।
डीसीपी ने कहा, “हमने सुभाष प्लेस पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 288 (इमारतों को गिराने या मरम्मत करने के संबंध में लापरवाहीपूर्ण आचरण) और 337 (दूसरों की जान या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने के कारण चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया है और आगे की जांच की जा रही है।”
चर्च के पादरी (फादर) एमानुएल ने कहा कि यह इमारत 35 साल पुरानी है।
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
