(तस्वीरों के साथ)
अगरतला, 24 फरवरी (भाषा) बांग्लादेश में गत 18 महीने से राजनीतिक उथल-पुथल के कारण स्थगित की गयी कोलकाता-अगरतला बस सेवा मंगलवार को बहाल हो गई और कम से कम 20 यात्री ढाका के रास्ते यहां पहुंचे।
त्रिपुरा के परिवहन मंत्री सुशांत चौधरी ने अखौरा एकीकृत जांच चौकी (आईसीपी) पर यात्रियों का स्वागत किया।
कम से कम 20 यात्रियों को लेकर यह बस कोलकाता से ढाका होते हुए अगरतला पहुंची, जबकि दूसरी बस पश्चिम बंगाल की राजधानी के लिए रवाना हुई।
एक अधिकारी ने बताया कि बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के कारण रॉयल-मैत्री अंतरराष्ट्रीय बस सेवा निलंबित कर दी गयी थी, जिसके परिणामस्वरूप वीजा संबंधी समस्याएं और यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट आई। उन्होंने बताया कि स्थिति में सुधार होने के साथ ही ऑपरेटर ने सेवा बहाल करने का प्रयास किया है।
चौधरी ने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘मित्रता के बिना विकास संभव नहीं है। मित्रता और सहयोग के माध्यम से ही दो पड़ोसी देशों के बीच संबंध मजबूत होते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगरतला-ढाका-कोलकाता और कोलकाता-ढाका-अगरतला बस सेवाएं इस मित्रता का एक प्रमुख उदाहरण हैं…।’’
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
