scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशमारे गए मुस्लिम युवक के परिजनों ने कर्नाटक में विहिप नेता की गिरफ्तारी की मांग की

मारे गए मुस्लिम युवक के परिजनों ने कर्नाटक में विहिप नेता की गिरफ्तारी की मांग की

Text Size:

मेंगलुरु, 31 जनवरी (भाषा) यहां सुरथकल के एक मृत मुस्लिम युवक के पिता ने पुलिस से विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नेता शरण पंपवेल का नाम अपराध के साजिशकर्ता के रूप में दर्ज करने का आग्रह किया है।

फाजिल के पिता उमर फारूक ने शहर के पुलिस आयुक्त एन शशि कुमार को दिए ज्ञापन में कहा कि पंपवेल ने रविवार को तुमकुरु में एक भाषण में कहा था कि ‘हिंदू युवकों’ ने सुलिया में भाजपा युवा शाखा के नेता प्रवीण नेतरू की हत्या के प्रतिशोध में फाजिल की हत्या की थी।

उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी प्रसारित हुआ है।

फारूक ने ज्ञापन में कहा कि फाजिल की पिछले साल 28 जुलाई को सुरथकल में लोगों के सामने हत्या कर दी गई थी। सुरथकल पुलिस ने मामला दर्ज कर आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। न्यायिक अदालत के समक्ष आरोप पत्र भी दायर किया गया था।

तुमकुरु में विहिप की शौर्य यात्रा के हिस्से के रूप में पंपवेल के भाषण के वीडियो को देखने वाले फारूक ने कहा कि विहिप नेता ने फाजिल की हत्या में दोषियों के प्रयासों की प्रशंसा की थी। उन्होंने (विहिप नेता ने) यह भी कहा कि हत्या भाजयुमो नेता प्रवीण नेतरू की हत्या का बदला लेने के लिए की गई थी।

दक्षिण कन्नड़ जिले के सुलिया तालुक के बेल्लारे में पिछले साल 26 जुलाई को मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने नेतरू की हत्या कर दी थी।

फारूक ने पुलिस से पंपवेल को गिरफ्तार करने और फाजिल की हत्या में आगे की जांच करने का आग्रह किया।

शहर के पुलिस आयुक्त ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने मामले पर कानूनी राय मांगी है। कांग्रेस, एसडीपीआई और जद(एस) ने भी पंपवेल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

भाषा

प्रशांत नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments