हैदराबाद, एक मार्च (भाषा) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों की निंदा करते हुए रविवार को सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की ‘हत्या’ को ‘अनैतिक और गैर-कानूनी कृत्य’ करार दिया।
हैदराबाद के सांसद ने कहा कि क्षेत्रीय अस्थिरता रोकने के लिए ईरान पर हमले तुरंत बंद होने चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में एक करोड़ भारतीय काम करते हैं।
ओवैसी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “ट्रंप-इजराइल (अमेरिका और इजराइल) द्वारा ईरान पर किए गए हमले पूरी तरह से निंदनीय हैं। यह विशेष रूप से तब हुआ जब जिनेवा में ईरान-अमेरिका वार्ता जारी थी। ईरान भर में 200 से अधिक लोग मारे गए हैं, जिनमें एक बालिका विद्यालय पर हुए हमले में मारे गए 108 लोग भी शामिल हैं। अयातुल्ला खामेनेई की हत्या एक अनैतिक और गैरकानूनी कृत्य है। मेरी हार्दिक संवेदनाएं।”
एआईएमआईएम प्रमुख ने कहा कि ईरान पर इजराइल का हमला और अफगानिस्तान पर पाकिस्तान का हमला यह दर्शाता है कि इजराइल एवं पाकिस्तान अपने-अपने पड़ोस में ‘आक्रामकता एवं उपद्रव’ की ताकतें हैं।
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की इजराइल और अमेरिका के एक बड़े हमले में मौत हो गई।
अमेरिका और इजराइल ने शनिवार को ईरान पर एक बड़ा हमला शुरू किया था।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी जनता से राज्य की सत्ता की बागडोर अपने हाथों में लेने और 1979 से उनके देश पर शासन कर रहे इस्लामी नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह करने का आह्वान किया था।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
