नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि केरल का नाम बदलकर ‘केरलम’ करने से राज्य की विरासत अपनी पूरी प्रामाणिकता के साथ प्रदर्शित होगी और उसका गौरव बरकरार रहेगा।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा लिये गए निर्णय की सराहना करते हुए, शाह ने ‘एक्स’ पर एक संदेश में ‘केरलम’ के लोगों को बधाई दी।
उन्होंने कहा, “केरलम की जनता को हार्दिक बधाई। मोदी जी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा केरल का नाम बदलकर ‘केरलम’ किए जाने का निर्णय राज्य की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ‘केरलम’ नाम राज्य की विरासत को उसकी संपूर्ण प्रामाणिकता के साथ प्रतिबिंबित करेगा और उसके गौरव को बनाए रखेगा।’’
यह निर्णय केरल विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। यह नये प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) परिसर ‘सेवा तीर्थ’ में आयोजित मंत्रिमंडल की पहली बैठक थी।
केरल विधानसभा चुनाव इस साल अप्रैल में होना है। एक सौ चालीस-सदस्यीय वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 23 मई को समाप्त हो रहा है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू केरल (नाम परिवर्तन) विधेयक, 2026 नामक विधेयक को भारत के संविधान के अनुच्छेद-तीन के प्रावधान के तहत विचार व्यक्त करने के लिए केरल राज्य विधानसभा को भेजेंगी।
आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, केरल विधानसभा के विचार प्राप्त होने के बाद, भारत सरकार केरल का नाम बदलकर ‘केरलम’ करने हेतु केरल (नाम परिवर्तन) विधेयक, 2026 को संसद में प्रस्तुत करने के लिए राष्ट्रपति की अनुशंसा प्राप्त करेगी।
भाषा
नेत्रपाल सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
