वायनाड (केरल), सात फरवरी (भाषा) कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) में हाल ही में शामिल हुई जेआरपी ने शनिवार को आगामी विधानसभा चुनावों में वायनाड जिले की दो सीटों – मनंथावडी और सुल्तान बाथरी – की मांग की और चेतावनी दी कि अगर उसे ये सीटें नहीं दी गईं तो वह स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेगी।
आदिवासी नेता सी.के. जानू के नेतृत्व वाली जनाधिपत्य राष्ट्रीय पार्टी (जेआरपी) पहले भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा थी और हाल ही में यूडीएफ में शामिल हुई है।
पार्टी के जिला उपाध्यक्ष ए. चंदुन्नी ने ‘पीटीआई वीडियो’ सेवा को बताया कि गठबंधन में शामिल होने के समय यूडीएफ नेतृत्व ने जेआरपी को दो सीटें देने का आश्वासन दिया था।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में मिले संकेतों के आधार पर कह सकते हैं कि यूडीएफ अब अपने वादे से पीछे हट रहा है और पार्टी को ये सीटें देने से इनकार करने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने यूडीएफ नेतृत्व से इस मामले पर फिर से चर्चा करने और जेआरपी को वादे के अनुरूप दो सीटें देकर अपनी प्रतिबद्धता पूरी करने का आग्रह किया।
चंदुन्नी ने कहा, ‘‘अगर सीटें नहीं दी गईं, तो हम स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी सुल्तान बाथरी और मनंथावडी निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारेगी।’’
भाषा शफीक धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
