scorecardresearch
Tuesday, 24 February, 2026
होमदेशकेरल : पलक्कड़ आईआईटी परिसर में छात्रा पर हमला, घायल

केरल : पलक्कड़ आईआईटी परिसर में छात्रा पर हमला, घायल

Text Size:

पलक्कड़ (केरल), 24 फरवरी (भाषा) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, पलक्कड़ के परिसर में एक अज्ञात व्यक्ति के कथित हमले में अंतिम वर्ष की एक छात्रा घायल हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के सलेम की रहने वाली छात्रा का कोयंबटूर के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। छात्रा के साथ यह घटना सोमवार रात को घटी।

कसबा पुलिस के अनुसार, छात्रा परिसर में पैदल जा रही थी, तभी पीछे से उस पर हमला किया गया, जिससे उसके माथे पर चोट आई।

पुलिस ने बताया कि घायल अवस्था में पड़ी छात्रा को सहपाठियों और संस्थान प्रशासन ने तत्काल जिले के एक सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोयंबटूर के एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

हमलावर की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। हालांकि पुलिस ने हमले में बाहरी व्यक्ति के शामिल होने की संभावना से इनकार किया है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के संबंध में सोमवार को ही मामला दर्ज कर लिया गया था और विस्तृत जांच जारी है।

उन्होंने कहा, “फिलहाल परिसर में किसी बाहरी व्यक्ति के घुसने की संभावना नहीं दिख रही है। 600 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले इस परिसर से केवल अंदर रहने वाले लोग ही परिचित हैं।”

अधिकारी ने कहा कि घायल छात्रा की स्थिति स्थिर होने के बाद उसका विस्तृत बयान दर्ज किया जाएगा।

इस बीच, सोमवार रात को बड़ी संख्या में छात्रों ने परिसर में सुरक्षा में कथित चूक को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments