त्रिशूर (केरल), आठ अगस्त (भाषा) केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने शुक्रवार को राज्य के त्रिशूर निर्वाचन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाया।
भारतीय जनता पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान राज्य में इस सीट पर जीत हासिल की थी, जो राज्य में उसकी पहली लोकसभा सीट पर जीत थी।
कांग्रेस नेता ने त्रिशूर के पास पझायन्नूर में संवाददाताओं से कहा, ‘त्रिशूर और अन्य संसदीय क्षेत्रों में हुई कथित धांधली की जांच होनी चाहिए। त्रिशूर में अवैध तरीकों से वोट जोड़ने के लिये संघ परिवार के खिलाफ कई शिकायतें आई हैं। यूडीएफ इस संबंध में कानूनी कार्रवाई करने पर विचार करेगा।’
त्रिशूर में 2024 में भाजपा की ऐतिहासिक जीत हुई और यहां अभिनेता से नेता बने सुरेश गोपी ने माकपा के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ, दोनों को हराया। इस नतीजे ने राज्य में कई लोगों को चौंका दिया, क्योंकि यहां भाजपा का पारंपरिक रूप से सीमित प्रभाव रहा है।
भाजपा ने अभी तक सतीशन के आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
सतीशन ने यह टिप्पणी उनकी पार्टी के नेता राहुल गांधी द्वारा कर्नाटक, महाराष्ट्र और हरियाणा सहित कई राज्यों में चुनावी प्रक्रिया में व्यापक हेरफेर और मतदाता सूचियों से छेड़छाड़ का आरोप लगाने के एक दिन बाद की।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.