scorecardresearch
बुधवार, 21 मई, 2025
होमदेशकेरल के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी

केरल के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, दो अक्टूबर (भाषा) केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बुधवार को महात्मा गांधी को उनकी 155वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी।

खान ने सुबह कोझिकोड जिले के मननचिरा में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

राज्यपाल ने एक दिन पहले सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर यह कहते हुए राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी थी कि महात्मा गांधी की ‘‘राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी गहन आध्यात्मिकता से प्रेरित थी’’।

विजयन ने आज सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर पोस्ट कर कहा कि महात्मा गांधी ने अपने जीवन को दुनिया के लिए एक संदेश बना दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ‘‘लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और भाईचारे के पैगम्बर थे’’ और इसीलिए उन्हें ‘‘हिंदुत्ववादी संप्रदायिक ताकतों’’ द्वारा गोली मार दी गई।

विजयन ने कहा, ‘‘उन्होंने (महात्मा गांधी ने) भारत के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। वे सभी तरह के सांप्रदायिक विचारों और विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ खड़े हुए। आज भी उनकी स्मृति ऐसे विचारों के लिए चुनौती पेश करती है।’’

उन्होंने सभी को गांधी जयंती की शुभकामनाएं दीं।

राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने भी राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी और कहा कि भारत का निर्माण गांधीवादी विचारधाराओं ‘सत्याग्रह’, सहिष्णुता, संघर्ष की अहिंसक पद्धति, विरोध की असहयोग शैली और सविनय अवज्ञा के सार से हुआ है।

सतीशन ने ‘फेसबुक’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘महात्मा गांधी किसी भी अत्याचार के खिलाफ अकेले खड़े होने की ताकत का नाम है।’’

भाषा खारी मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments