scorecardresearch
Thursday, 14 May, 2026
होमदेशकेरल के मुख्यमंत्री के नाम की आज हो सकती है घोषणा

केरल के मुख्यमंत्री के नाम की आज हो सकती है घोषणा

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, 14 मई (भाषा) केरल में विधानसभा चुनाव परिणामों की घोषणा के 10 से अधिक दिन बाद राज्य को बृहस्पतिवार को अपना नया मुख्यमंत्री मिलने की संभावना है।

आज दोपहर यहां केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) मुख्यालय में नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में पार्टी अपने विधायक दल के नेता का नाम घोषित कर सकती है।

केपीसीसी अध्यक्ष सन्नी जोसफ ने एक दिन पहले घोषणा की थी कि कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक 14 मई को दोपहर एक बजे आयोजित की जाएगी।

यह घोषणा तब हुई है जब कांग्रेस आलाकमान ने इस दक्षिणी राज्य के पार्टी नेताओं के साथ कई दिनों के विचार-विमर्श के बाद संकेत दिया कि राज्य के अगले मुख्यमंत्री के नाम का एलान बृहस्पतिवार को कर दिया जाएगा।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने नयी दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर राहुल गांधी और खरगे की बैठक के बाद यह जानकारी साझा की।

कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (यूडीएफ) ने केरल विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल किया है, लेकिन विभिन्न गुटों की लामबंदी और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के विरोध के कारण पार्टी अब तक मुख्यमंत्री के चेहरे पर निर्णय नहीं ले पाई है।

मुख्यमंत्री पद के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल, निवर्तमान केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन और वरिष्ठ पार्टी नेता रमेश चेन्निथला के नाम प्रमुख तौर पर शामिल हैं।

भाषा

सुमित वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments