पलक्कड (केरल), 17 अप्रैल (भाषा) पलक्कड में बुधवार को निकाले गए विरोध मार्च के दौरान तनाव उत्पन्न होने के मामले में बृहस्पतिवार को भाजपा और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, विधायक कार्यालय तक मार्च निकालने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं में से 16 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है, जिनमें पलक्कड के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रशांत सिवन भी शामिल हैं।
भाजपा कार्यालय की ओर मार्च निकालने वाले युवा कांग्रेस नेताओं के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। इनमें युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष जयघोष और 19 अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
इस बीच, कांग्रेस विधायक राहुल ममकूटथिल ने पुलिस द्वारा भाजपा नेताओं के साथ वार्ता करने के कथित अनुरोध को ठुकरा दिया।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘उन भाजपा नेताओं से बात करने की कोई आवश्यकता नहीं है जिन्होंने ‘सिर और पैर काटने’ की धमकी दी है। इसके बजाय उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए।’
उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस मध्यस्थता का काम कब से करने लगी। उन्होंने कहा, ‘हमें कोई मध्यस्थता नहीं चाहिए। कांग्रेस बंद कमरे में उनके साथ बातचीत करने में दिलचस्पी नहीं रखती। कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी है।’
ममकूटथिल ने कहा कि देश में एक वैधानिक प्रणाली है और उसी के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस इस मामले को राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर लड़ेगी।
बुधवार रात कांग्रेस विधायक ममकूटथिल और संदीप वारियर समेत अन्य नेता दक्षिण पुलिस थाने के सामने धरने पर बैठ गए। उनका आरोप था कि भाजपा कार्यालय तक निकाले गए मार्च के दौरान पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की।
यह मार्च भाजपा नेताओं द्वारा ममकूटथिल को निशाना बनाकर कथित धमकी भरे भाषण के विरोध में निकाला गया था। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इस दौरान पुलिस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई और प्रदर्शनकारियों के साथ बदसलूकी की गई।
उन्होंने मांग की कि भाजपा नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए जिन्होंने धमकी दी और झड़प की स्थिति पैदा की।
इससे पहले, भाजपा ने भी ममकूटथिल के कार्यालय की ओर मार्च निकाला था। उनका आरोप था कि कांग्रेस विधायक ने विकलांगों के लिए बनने वाले कौशल विकास केंद्र को आरएसएस संस्थापक के बी हेडगेवार के नाम पर रखने को लेकर विवाद पैदा किया।
कांग्रेस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को पलक्कड नगर निगम द्वारा आयोजित शिलान्यास समारोह को बाधित किया था। इसके बाद भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय की ओर मार्च निकाला और हेडगेवार के समर्थन में नारे लगाए।
कांग्रेस का कहना है कि वे परियोजना के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि इसे आरएसएस संस्थापक के नाम पर रखे जाने का विरोध कर रहे हैं।
भाषा राखी मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.