scorecardresearch
Sunday, 22 March, 2026
होमदेशकेरल: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर ने 93 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की

केरल: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर ने 93 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की

Text Size:

(फोटो सहित)

तिरुवनंतपुरम, 21 मार्च (भाषा) केरल विधानसभा चुनाव में नेमोम निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शनिवार को 93 करोड़ रुपये से अधिक की चल और अचल संपत्ति घोषित की।

चंद्रशेखर नौ अप्रैल को होने वाले चुनावों में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता और राज्य के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी और कांग्रेस के के एस सबरीनाधन के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र जमा किया। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इस दौरान चंद्रशेखर के साथ मौजूद थे।

नामांकन पत्र के साथ दाखिल किए गए हलफनामे के अनुसार, चंद्रशेखर की चल संपत्ति 78.81 करोड़ रुपये से अधिक की है, जबकि उनकी पत्नी के पास 18.10 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। इनमें नकद राशि, बैंकों, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों और सहकारी समितियों में जमा राशि, साथ ही बांड, डिबेंचर, शेयर, कंपनियों/म्यूचुअल फंड की यूनिट और अन्य वित्तीय साधनों में निवेश शामिल हैं।

चंद्रशेखर की चल संपत्तियों में कर्नाटक में पंजीकृत और 1994 में 10,000 रुपये में खरीदी गई 1942 मॉडल की रेड इंडियन स्काउट बाइक, साथ ही आभूषण, सोना और अन्य मूल्यवान वस्तुएं शामिल हैं, जिनका मूल्य 3.58 करोड़ रुपये से अधिक है।

भाजपा नेता की अचल संपत्ति 15.07 करोड़ रुपये से अधिक की है जिसमें बेंगलुरु में उनके द्वारा अर्जित संपत्ति भी शामिल है।

चंद्रशेखर पर 107 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी है, जबकि उनकी पत्नी पर 1.62 करोड़ रुपये का कर्ज है। इसमें बैंकों, वित्तीय संस्थानों और अन्य स्रोतों से लिए गए ऋण शामिल हैं।

वर्ष 2024-25 के आयकर रिटर्न के अनुसार चंद्रशेखर की कुल आय 92,91,633 रुपये थी, जबकि उनकी पत्नी की आय 60,50,168 रुपये थी।

भाषा आशीष माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments