scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशकेरल: भाजपा ने जयराम रमेश की ‘उत्तर कोरिया’ वाली टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा

केरल: भाजपा ने जयराम रमेश की ‘उत्तर कोरिया’ वाली टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, चार मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संसद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा करने वाले इसके सांसदों की आलोचना करने के लिए जयराम रमेश सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर बुधवार को निशाना साधा।

रमेश ने प्रधानमंत्री की प्रशंसा किये जाने की तुलना उत्तर कोरियाई एसेंबली के सदस्यों द्वारा अपने सर्वोच्च नेता की प्रशंसा से की थी।

भाजपा ने कहा कि राहुल गांधी और रमेश समेत उनके ‘समर्थकों’ ने इस बात को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया कि भारत का लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और संविधान खतरे में है।

भाजपा के अनुसार, इस दावे पर कांग्रेस पार्टी के ‘कुछ मसखरों’ के अलावा कोई विश्वास नहीं करता।

भाजपा की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने रमेश द्वारा ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में लगाए गए आरोपों का जवाब दिया।

रमेश ने साक्षात्कार में कहा था कि भारतीय संसद में बैठे हुए उन्हें ऐसा लग रहा था, मानो वह उत्तर कोरिया की संसद में हों क्योंकि सत्ताधारी दल के सांसद हर विषय पर मोदी की लगातार प्रशंसा कर रहे थे।

चंद्रशेखर ने पलटवार करते हुए कहा कि न तो भारत में और न ही उत्तर कोरिया में कोई कांग्रेस पार्टी के इस दावे पर विश्वास करेगा।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, “जब ग्रैंड मुफ्ती कंथापुरम एपी अबू बकर मुसलियार प्रधानमंत्री से मिले तो उन्होंने क्या कहा? मुसलमान भी जानते हैं कि भारत उनके लिए दुनिया का सबसे सुरक्षित देश है। यह बात सिर्फ कांग्रेस पार्टी के कुछ मसखरों को खटक रही है।”

उन्होंने कहा, ‘‘वे (कांग्रेस नेता) वैसे भी साल में 50 बार छुट्टियां मनाने जाते हैं। अगर वे उत्तर कोरिया जाकर रहना चाहें, तो जयराम रमेश के लिए टिकट खरीदने वाला मैं पहला व्यक्ति होऊंगा।”

राज्यसभा में रमेश के पूर्व सहयोगी चंद्रशेखर ने कहा कि भारत की जनता ने 2014, 2019 और 2024 में “मोदी, मोदी” के नारे इसलिए लगाए, क्योंकि वे उनसे प्यार करते थे और उन पर भरोसा करते थे।

उन्होंने कहा कि मोदी ने अपने वादों को पूरा किया है और पिछले 12 साल में वह हासिल किया है, जो दशकों के कांग्रेस नेतृत्व में नहीं हो सका।

चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘तो यह एक सच्चाई है। जयराम रमेश और राहुल गांधी को इस सच्चाई को स्वीकार करना चाहिए। यही असली सच्चाई है। भारत की जनता प्रधानमंत्री मोदी से प्यार करती है। संसद में सांसद उनका समर्थन करते हैं। मुझ जैसे लोग उन पर पूरी तरह भरोसा करते हैं।”

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments