कोच्चि, 30 जनवरी (भाषा) केरल विधिज्ञ परिषद ने न्यायाधीशों को रिश्वत देकर उच्च न्यायालय में मामलों को निपटाने की कोशिश करने के आरोपों का सामना कर रहे राज्य के एक प्रमुख वकील से सोमवार को स्पष्टीकरण मांगा।
परिषद के अध्यक्ष के एन अनिल कुमार ने बताया कि उच्च न्यायालय द्वारा इस मुद्दे के संबंध में उठाए गए कदमों और मामले में कार्रवाई के लिए केंद्रीय कानून मंत्रालय से प्राप्त एक पत्र के बाद स्पष्टीकरण मांगने का निर्णय लिया गया।
अनिल कुमार ने कहा कि यह फैसला परिषद की सोमवार शाम हुई आपात बैठक में लिया गया।
केंद्रीय कानून मंत्रालय ने 19 जनवरी को केरल विधिज्ञ परिषद को वकील सैबी जोस किदंगूर के खिलाफ प्राप्त एक शिकायत भेजी थी। किदंगूर केरल उच्च न्यायालय वकील संघ के एक पदाधिकारी भी हैं।
भाषा सिम्मी संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
