scorecardresearch
Thursday, 2 April, 2026
होमदेशकरोल बाग दुर्घटना: चालक ने ऑटो व बाइक से बचने के लिए गाड़ी को अचानक मोड़ा;बस मालिक का दावा

करोल बाग दुर्घटना: चालक ने ऑटो व बाइक से बचने के लिए गाड़ी को अचानक मोड़ा;बस मालिक का दावा

Text Size:

नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) मध्य दिल्ली के करोल बाग इलाके में मंगलवार देर रात पलटी ‘स्लीपर’ बस के मालिक ने दावा किया कि चालक ने तेज रफ्तार से आ रहे एक ऑटो-रिक्शा और एक मोटरसाइकिल से संभावित टक्कर से बचाने के लिए वाहन को अचानक मोड़ दिया, जिससे यह दुर्घटना हुई।

‘शक्ति बस’ के मालिक अजय चौधरी ने बताया कि चालक ने उन्हें बताया कि मोरी गेट की ओर जाते समय, तेज गति से एक ऑटो और एक मोटरसाइकिल अचानक बस के सामने आ गए। हादसे में चालक के सिर पर चोट लगी है जिसका फिलहाल इलाज किया जा रहा है।

चौधरी ने कहा, ‘उनसे बचने की कोशिश में बस को अचानक मोड़ लिया, जिसके बाद बस डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई।’

उन्होंने बताया कि बस मंगलवार शाम सात बजे जयपुर से रवाना हुई थी और रात करीब 1.15 बजे दिल्ली में दाखिल हुई।

चौधरी ने कहा कि 45 यात्रियों की बैठने की क्षमता वाली इस बस में घटना के समय लगभग 30. 35 लोग सवार थे।

चौधरी ने इस बात पर जोर दिया कि जब बस ने जयपुर से अपनी यात्रा शुरू की थी तब उसमें कोई खराबी नहीं थी।

पुलिस के अनुसार, बस तेज रफ्तार में चल रही थी और मंगलवार देर रात करोल बाग में हनुमान मंदिर के पास पलट गई, जिससे दो यात्रियों की मौत हो गई और 23 अन्य घायल हो गए।

ऑल इंडिया टूरिस्ट बस एसोसिएशन के अध्यक्ष गोला श्याम ने यह भी दावा किया कि जिस समय यह घटना घटी, उस समय विपरीत दिशा से एक ऑटो-रिक्शा और एक मोटरसाइकिल तेज गति से आ रहे थे।

उन्होंने दावा किया कि जब चालक ने गति धीमी करने का प्रयास किया तो बस के ब्रेक फेल हो गए, जिससे उसे बस अचानक मोड़नी पड़ी और इस कारण वाहन पलट गया।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments