scorecardresearch
Thursday, 19 March, 2026
होमदेशकर्नाटक: धूमधाम से मनाया जा रहा उगादि उत्सव, बाजारों में चहल-पहल और मंदिरों में भारी भीड़

कर्नाटक: धूमधाम से मनाया जा रहा उगादि उत्सव, बाजारों में चहल-पहल और मंदिरों में भारी भीड़

Text Size:

बेंगलुरु, 19 मार्च (भाषा) कर्नाटक में कन्नड़ नव वर्ष उगादि बृहस्पतिवार को पारंपरिक उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है।

राजधानी के बाजारों में सुबह से ही भारी भीड़ है और लोग फूल, कच्चे आम, फल और पर्व से जुड़ी आवश्यक वस्तुएं खरीद रहे हैं।

यहां के मशहूर केआर बाजार में पिछले दो दिनों से भारी भीड़ देखी जा रही है, और त्योहारी माहौल के कारण विक्रेताओं का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है।

बेंगलुरु में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश भी शहर के उत्सवपूर्ण माहौल को कम नहीं कर सकी। बृहस्पतिवार सुबह केआर बाजार में काफी चहल-पहल दिखी।

बाजार में फूल बेचने वाले मंजुनाथ ने कहा, ‘पिछले दो दिनों से लोगों की भारी भीड़ है और आज सुबह यह चरम पर पहुंच गई।’

उन्होंने कहा कि आम के पत्तों और फूलों की खूब मांग है। उत्सव के उपलक्ष्य में घरों को आम के पत्तों से बने तोरणों से सजाया जाता है, जबकि आंगनों में रंग-बिरंगी रंगोली बनाई जाती है।

नववर्ष में समृद्धि और खुशहाली के लिए विशेष प्रार्थना करने और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचे।

दक्षिण बेंगलुरु में स्थित सदियों पुराने वसंत वल्लभराया स्वामी मंदिर में दर्शन करने आईं वी ज्योति ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘हमने अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और पूरा वर्ष अच्छा गुजरे इसके लिए प्रार्थना की।’

राज्य भर में उत्सव का माहौल दिखाई दे रहा है, और सांस्कृतिक एवं धार्मिक गतिविधियों ने माहौल को और खुशनुमा बना दिया है।

भाषा तान्या शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments