scorecardresearch
Thursday, 5 February, 2026
होमदेशकर्नाटक: मंगलुरु में झूले की दुर्घटना की जांच के आदेश

कर्नाटक: मंगलुरु में झूले की दुर्घटना की जांच के आदेश

Text Size:

मंगलुरु, 27 दिसंबर (भाषा) कर्नाटक के मंगलुरु स्थित करावली उत्सव मैदान में विशाल झूले में खराबी आने से एक व्यक्ति और उसके दो बच्चे के घायल होने की दुर्घटना के मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना 24 दिसंबर को हुई थी।

पुलिस के अनुसार, के. मोहन मुलाली ने शिकायत में आरोप लगाया था कि जब झूला तेज गति से चलने लगा, तो जिस केबिन में वे बैठे थे, वह अचानक नीचे गिर गया और दूसरे केबिन से टकरा गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीच में ही केबिन के दरवाजे टूट गए, जिससे अंदर बैठे लोग कई बार उसके अंदर ही गिर गये।

मंगलुरु पुलिस आयुक्त सुधीर कुमार रेड्डी ने बताया, “शिकायत प्रथम दृष्टया लापरवाही और खराब रखरखाव की ओर इशारा करती है। हमने संचालकों से विवरण मांगा है और जांच करेंगे कि क्या सुरक्षा नियमों का उल्लंघन हुआ है।”

मुलाली ने आरोप लगाया कि घटनास्थल पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई।

उन्होंने दावा किया कि वहां प्राथमिक चिकित्सा सुविधा या एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं थी तथा आसपास मौजूद लोगों ने घायल परिवार की मदद की।

करावली उत्सव की व्यवस्थाओं की देखरेख कर रहे जिला अधिकारी ने बताया कि संचालकों को फटकार लगाई गई है और बताया कि उस समय घटनास्थल पर मौजूद एम्बुलेंस किसी अन्य आपातकालीन स्थिति में व्यस्त थी।

रेड्डी ने बताया, “हम सभी झूलों के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा कर रहे हैं।”

पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक सुरक्षा और लापरवाही कानूनों के तहत उल्लंघन साबित होने पर मामला दर्ज किया जाएगा।

पुलिस के मुताबिक, “बड़े जनसमूहों में सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करना अनिवार्य है। अगर कोई चूक पाई जाती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

भाषा सं राजेंद्र जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments