scorecardresearch
Wednesday, 3 June, 2026
होमदेशकर्नाटक को मिला नया मुख्यमंत्री, पीएम मोदी बोले- विकास और जनकल्याण के लिए करेंगे सहयोग

कर्नाटक को मिला नया मुख्यमंत्री, पीएम मोदी बोले- विकास और जनकल्याण के लिए करेंगे सहयोग

इससे पहले कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने लोक भवन में आयोजित समारोह में कर्नाटक के 34वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. वरिष्ठ कांग्रेस नेता जी. परमेश्वर ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की.

Text Size:

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को डीके शिवकुमार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी और उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं. प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार राज्य की जनता के कल्याण और विकास कार्यों के लिए कर्नाटक सरकार के साथ मिलकर काम करेगी.

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “श्री डीके शिवकुमार जी को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई. उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं. केंद्र सरकार कर्नाटक की जनता के कल्याण के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करेगी.”

इससे पहले कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने लोक भवन में आयोजित समारोह में कर्नाटक के 34वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. वरिष्ठ कांग्रेस नेता जी. परमेश्वर ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की.

शिवकुमार ने भारतीय संविधान की प्रति हाथ में लेकर पद और गोपनीयता की शपथ ली. समारोह में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं, धार्मिक गुरुओं और देशभर से आए कई गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया.

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल भी समारोह में मौजूद रहे. उनकी मौजूदगी को कर्नाटक में नए नेतृत्व के प्रति पार्टी के समर्थन के रूप में देखा जा रहा है.

डीके शिवकुमार कर्नाटक कांग्रेस के सबसे प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं. वह लगातार आठ बार कनकपुरा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और वर्ष 2020 से कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं. 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत दिलाने और राज्य में संगठन को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है.

शपथ ग्रहण से पहले शिवकुमार ने कई धार्मिक नेताओं और संतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया. उन्होंने अपनी मां के पैर छूकर भी आशीर्वाद प्राप्त किया और उसके बाद शपथ समारोह में पहुंचे.

समारोह में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. सुक्खू ने पार्टी के लिए वर्षों से किए गए शिवकुमार के योगदान की सराहना की.


यह भी पढ़ें: शिवकुमार बने कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री, सिद्धारमैया के बेटे समेत कई करीबी 13 सदस्यीय टीम में शामिल


 

share & View comments