नयी दिल्ली, दो जनवरी (भाषा) बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके में हुई घटना की पीड़िता के शव का पोस्टमार्टम शुरू हो गया है। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
कंझावला में 20 वर्षीय एक युवती की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी और युवती को सुल्तानपुरी से कंझावाला तक घसीटते हुई ले गई। रविवार को हुए हादसे में युवती की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज (एमएएमसी) में एक मेडिकल बोर्ड की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
इससे पहले दिन में पुलिस ने कहा था कि पीड़ित का शव पोस्टमार्टम के लिए मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित का पैर कार के एक चक्के में फंस गया था और वह घसीटती चली गई थी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि महिला के शव को एमएएमसी परिसर में भेजा गया है और पोस्टमार्टम शुरू हो चुका है।
इस घटना के एक दिन बाद बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी में सोमवार को स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि पुलिस इसे सड़क दुर्घटना बताकर बलात्कार के मामले को ढंकने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार कार में सवार पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस घटना को ‘‘दुर्लभतम अपराध’’ बताया है और इसमें शामिल लोगों के लिए कड़े से कड़े दंड की मांग की। वहीं, उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने कहा कि इस ‘‘अमानवीय’’ अपराध से उनका सिर शर्म से झुक गया है।
भाषा सुरभि अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
