scorecardresearch
Monday, 2 February, 2026
होमदेशकमल हासन ने दलाई लामा को ग्रैमी पुरस्कार जीतने पर दी बधाई

कमल हासन ने दलाई लामा को ग्रैमी पुरस्कार जीतने पर दी बधाई

Text Size:

चेन्नई, दो फरवरी (भाषा) अभिनेता-नेता कमल हासन ने तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा को ग्रैमी पुरस्कार जीतने पर सोमवार को बधाई दी।

दलाई लामा ने लॉस एंजिलिस में आयोजित 68वें ग्रैमी अवॉर्ड में ‘ऑडियोबुक नैरेशन’ श्रेणी में अपनी एल्बम ‘मेडिटेशंस: द रिफ्लेक्शंस ऑफ हिज होलीनेस द दलाई लामा’ के लिए यह पुरस्कार जीता।

उन्होंने इस श्रेणी में कैथी गार्वर (एल्विस रॉकी एंड मी: द कैरल कॉनर्स स्टोरी), ट्रेवर नोआ (इंटू द अनकट ग्रास), केतनजी ब्राउन जैक्सन (लवली वन: ए मेमॉयर) और फैब मोरवन (यू नो इट्स ट्रू: द रियल स्टोरी ऑफ मिली वैनिली) जैसे कलाकारों को पीछे छोड़ते हुए यह पुरस्कार जीता।

इस एल्बम का संगीत सरोद वादक अमजद अली खान ने तैयार किया है।

कमल हासन ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘दुनिया के एक प्रमुख विचारक को सम्मानित कलाकारों की प्रतिष्ठित श्रेणी में शामिल होते देखकर गर्व हो रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘शब्द इस दुनिया के संगीत में और अधिक अर्थ जोड़ सकते हैं। ग्रैमी को बधाई। अमजद अली खान साहब को भी बधाई।’’

दलाई लामा ने यह पुरस्कार मिलने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘मैं इस सम्मान को कृतज्ञता और विनम्रता के साथ स्वीकार करता हूं। मैं इसे व्यक्तिगत उपलब्धि के रूप में नहीं, बल्कि हमारी साझा वैश्विक जिम्मेदारी की मान्यता के रूप में देखता हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरा दृढ़ विश्वास है कि शांति, करुणा, पर्यावरण की देखभाल और मानवता की एकता की समझ, सभी आठ अरब लोगों के सामूहिक कल्याण के लिए आवश्यक है।’’

दलाई लामा ने कहा, ‘‘मैं आभारी हूं कि यह ग्रैमी सम्मान इन संदेशों को व्यापक रूप से फैलाने में मदद कर सकता है।’’

भाषा खारी सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments