scorecardresearch
Wednesday, 11 March, 2026
होमदेशन्यायमूर्ति शर्मा ने दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की

न्यायमूर्ति शर्मा ने दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की

Text Size:

नयी दिल्ली, 28 जून (भाषा) न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा ने दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में मंगलवार को यहां शपथ ग्रहण की।

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने राज निवास में आयोजित एक समारोह में 60 वर्षीय न्यायमूर्ति शर्मा को शपथ दिलाई।

इस समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा आम आदमी पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती और मदनलाल भी शामिल हुए। इस दौरान वरिष्ठ न्यायाधीश एवं वकील भी मौजूद रहे।

न्यायमूर्ति शर्मा इससे पहले तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दे रहे थे। केंद्र सरकार ने 19 जून को उनके स्थानांतरण की अधिसूचना जारी की थी।

मार्च में न्यायमूर्ति डी एन पटेल की सेवानिवृत्ति के बाद से दिल्ली उच्च न्यायालय में न्यायमूर्ति विपिन सांघी ने 13 मार्च से 27 जून तक कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दीं। उन्हें अब उत्तराखंड उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

मध्य प्रदेश के जबलपुर में 30 नवंबर, 1961 को जन्मे न्यायमूर्ति शर्मा ने अपनी स्कूली शिक्षा और स्नातक की पढ़ाई वहीं की और उसके बाद 1984 में एलएलबी की डिग्री प्राप्त की।

उन्होंने सितंबर 1984 में जबलपुर में मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया। उन्हें 1993 में केंद्र सरकार के अतिरिक्त वकील के तौर पर नियुक्त किया गया और उसके बाद 2004 में भारत सरकार के पैनल का वरिष्ठ अधिवक्ता बनाया गया।

न्यायमूर्ति शर्मा को 2003 में 42 साल की आयु में मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ता नियुक्त किया गया था।

भाषा वैभव नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments