नयी दिल्ली, 14 जनवरी (भाषा) बंबई उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति देवेंद्र कुमार उपाध्याय को मंगलवार को दिल्ली उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया।
उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने सात जनवरी को उनके तबादले की सिफारिश की थी।
न्यायमूर्ति विभु बाखरू फिलहाल दिल्ली उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश हैं। न्यायमूर्ति मनमोहन को उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीश बनाये जाने के बाद न्यायमूर्ति बाखरू को दिल्ली उच्च न्यायालय का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया था।
संबंधित घटनाक्रम में तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति आलोक अराधे को बंबई उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया।
न्यायमूर्ति अराधे के स्थानांतरण की सिफारिश भी उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने उसी दिन की थी।
आज शाम सरकार ने इन तबादलों की अधिसूचना जारी की।
भाषा
राजकुमार माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.